नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के करीब हुए आतंकी हमले में रोज नए खुलासे हो रहे हैं. विस्फोटों से भरी हुंडई i20 कार को ब्लास्ट करने से पहले मुख्य संदिग्ध उमर नबी ने इससे दिल्ली के कई इलाकों को छाना था. इसी को लेकर एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें नबी 10 नवंबर के दिन कार से कनॉट प्लेस से भी गुजरा था.
ये इलाका दिल्ली का काफी लोकप्रिय इलाका है. यहां विदेशी पर्यटक भी काफी ज्यादा घूमने के लिए आते हैं. यहां से देश की संसद भी बहुत नजदीक है. जो नया वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि कैसे 10 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 5 मिनट पर ये कार कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल से गुजर रही है. इस समय भी इस कार को नबी ही चला रहा था. इन वीडियो से पता चलता है लाल किला पहुचंने से पहले वो राजधानी के कई इलाकों से सफेद रंग की हुंडई i20 में घूम रहा था.
यहां देखें वीडियो-
VIDEO | Delhi terror blast case: CCTV visuals show the white Hyundai i20 car roaming around Connaught Place. The car was involved in blast near Red Fort on Monday evening.
— Press Trust of India (@PTI_News) November 13, 2025
(Source: Third Party)#Redfort #Delhiblast
(Full video available on PTI Videos -… pic.twitter.com/BQWDVgCoEr
आप जानते हैं कि 10 नवंबर को शाम करीब 7 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास डॉक्टर उमर नबी ने विस्फोटों से भरी कार में ब्लास्ट किया था. इस भयानक ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत हुई थी. उमर नबी जो कि इस आतंकी हमले का मुख्य संदिग्ध है वो भी इस हादसे में मारा गया है. एम्स के सूत्रों से जानकारी मिली है किउसके शव के DNA परीक्षण से ये बात साबित हो गई है कि कार चला रहा शख्स उमर ही था.
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने माना आतंकी हमला
इस हमले की जाचं NIA कर रही है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार शाम को इस हमले को आतंकी हमला माना, उन्होंने प्रस्ताव पारित कर रहा कि देश विरोधी इस हमले में जो लोग भी शामिल हैं उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा. इसी के साथ सभी मृतकों को श्रद्धांजलि भी दी गई. बता दें कि पीएम मोदी भी अपना भूटान दौरा खत्म करने के बाद एलएनजीपी हॉस्पिटल में घायलों से मिलने गए थे.