menu-icon
India Daily

दिल्ली में 'गंभीर' स्तर पर पहुंचा AQI, कोहरे और स्मॉग से उड़ानें बाधित; देखें एडवाइजरी

दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर बना हुआ है. एक्यूआई लगातार सीवियर श्रेणी में है और कोहरे के कारण हालात और बिगड़ गए हैं. फ्लाइट संचालन प्रभावित हुआ है और एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दिल्ली में 'गंभीर' स्तर पर पहुंचा AQI, कोहरे और स्मॉग से उड़ानें बाधित; देखें एडवाइजरी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति बीते कई महीनों से गंभीर बनी हुई है. लगभग तीन महीने बीत जाने के बाद भी लोगों को जहरीली हवा से राहत नहीं मिल पाई है. एयर क्वालिटी इंडेक्स लगातार सीवियर और सीवियर प्लस श्रेणी में बना हुआ है. 24 दिसंबर की सुबह पांच बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 366 दर्ज किया गया.

कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया. नेहरू नगर में एक्यूआई 419, ओखला फेज टू में 402 और पूसा में 404 रिकॉर्ड किया गया. मुंडका, आईटीओ, जहांगीरपुरी और द्वारका सेक्टर आठ में भी हालात बेहद खराब रहे.

क्या है विमान यात्रियों के लिए एडवाइजरी?

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट क्षेत्र में AQI 302 दर्ज किया गया. ठंड के साथ घना कोहरा और स्मॉग लोगों की परेशानी और बढ़ा रहा है. सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो गई है. इसी कारण उड़ानों पर भी असर पड़ा है. यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है. बीते दो दिनों में कई उड़ानें रद्द होने की खबर सामने आई है. आज भी मौसम की खराब स्थिति के कारण फ्लाइट संचालन प्रभावित हो सकता है.

सरकार की ओर से क्या उठाए गए कदम?

दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार की ओर से कई स्तरों पर कदम उठाए गए हैं. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि सरकार बहुआयामी रणनीति पर काम कर रही है. इसमें स्वच्छ ईंधन, धूल नियंत्रण, तकनीक का उपयोग और कड़े नियम शामिल हैं. औद्योगिक क्षेत्रों में पीएनजी सप्लाई बढ़ाई गई है.

थर्मल पावर प्लांट्स में स्वच्छ तकनीक लागू की जा रही है. बीएस सिक्स ईंधन मानकों को सख्ती से लागू किया गया है. औद्योगिक उत्सर्जन पर रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है. इसके बावजूद प्रदूषण के स्तर में फिलहाल कोई ठोस सुधार नहीं दिख रहा है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कोहरा बना रहेगा. आज और कल मध्यम कोहरे की संभावना है. 26 दिसंबर को घना कोहरा पड़ने की चेतावनी दी गई है. 27 से 29 दिसंबर तक भी सुबह के समय कोहरा रहने की आशंका है. 

तापमान 19-20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. उच्च नमी और शांत हवाएं स्थिति को और गंभीर बना रही हैं. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के द्वारा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.

Topics