T20 World Cup 2026

मारपीट से तंग आकर पत्नी ने कुल्हाड़ी से पति को काटा, नाबालिग बेटियों संग शव को जंगल में जलाया, 4 महीने बाद खुला राज

जशपुर में एक पत्नी ने अपने शराबी पति पर कुल्हाड़ी से हमला करके और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. अपनी बेटियों और एक नाबालिग की मदद से शव को जंगल में जला दिया.

Pinterest
Km Jaya

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने मंगलवार यानी 10 फरवरी 2026 को अक्टूबर 2025  में हुए युवक की हत्या के मामले का खुलासा किया. जिसमें तीन नालाबिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है और नाबालिगों को बाल संरक्षण गृह भेजा गया.

यह घटना सिटी थाना जशपुर इलाके में हुई. जहां एक पत्नी ने बेरहमी से पति की हत्या कर दी. वह अक्सर शराब पीकर झगड़ा और मारपीट करता था. गुस्से में आकर पत्नी ने पहले कुल्हाड़ी से उसके सिर और चेहरे पर वार किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. 

पत्नी ने कैसे की हत्या?

फिर पत्नी उसकी छाती पर बैठ गई और उसका गला तब तक घोंटती रही जब तक उसकी मौत नहीं हो गई. घटना के समय दो नाबालिग बेटियां मौजूद थीं. उन्होंने हत्या देखी. बाद में लाश को कमरे में चादर से ढककर रख दिया गया. फिर, उन्होंने लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. मां और बेटियों ने पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग लड़के की मदद ली और लाश को लकड़ी के खंभे से बांधा, जंगल में ले गईं और फिर उस पर पेट्रोल डालकर जला दिया.

कब का है यह मामला?

असल में 18 अक्टूबर 2025 को सिटी थाना जशपुर पुलिस को सूचना मिली कि पुराना नगर गांव के तुरीटोंगरी जंगल में एक अधजली लाश पड़ी है. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें एक गड्ढे में लाश जली हुई मिली. पोस्टमॉर्टम जांच में शुरू में यह हत्या लग रही थी. 

रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या बताया गया और केस दर्ज किया गया. शव का आधा हिस्सा जलने की वजह से की पहचान नहीं हो पाई थी. पुलिस ने आस-पास के पुलिस थानों में लाश की फोटो भेजी और गुमशुदा लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा की.

परिजनों को कब हुआ शक?

दिसंबर 2025 में महावीर राम भगत के भाई ने पुलिस स्टेशन में शक जताया था. उसने उन्हें बताया कि महावीर राम भगत दिवाली से गायब है. उसकी पत्नी सुमित्रा भगत ने उसे ढूंढा नहीं था. घरवालों के कहने पर उसने पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई. जांच में पता चला कि महावीर राम भगत और उसकी पत्नी सुमित्रा भगत के बीच अक्सर बहस और झगड़े होते थे. 

कैसे हुई पहचान?

पुलिस ने मिली बॉडी और महावीर राम भगत के बच्चों के सैंपल लेकर DNA टेस्ट किया. सैंपल मैच होने के बाद यह साफ हो गया कि आधी जली हुई बॉडी महावीर राम भगत की ही थी.

पुलिस को यह भी पता चला कि हत्या के बाद, पहचान मिटाने के लिए बॉडी को पेट्रोल से जला दिया गया था. शक बढ़ने पर पुलिस ने सुमित्रा को हिरासत में ले लिया. जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने हत्या की बात कबूल कर ली. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, पेट्रोल रखने के लिए इस्तेमाल किया गया जार और एक टॉर्च जब्त कर ली.