menu-icon
India Daily

मर्डर के बाद मटन पार्टी, सुपारी देने का आरोप, हत्याकांड में फंस गया बीमा भारती का बेटा

Bihar News: लोकसभा चुनाव में पूर्णिया से राष्ट्रीय जनता पार्टी की प्रत्याशी और बिहार की पूर्व मंत्री रहीं बीमा भारती के पुत्र राजा कुमार की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. आरोप हैं कि एक व्यवसायी की हत्या के लिए राजा कुमार ने पांच लाख की सुपारी दी थी. पुलिस ने इस मामले में एक शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस से बताया कि उन्हें इस घटना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए पांच लाख रुपये की डील मिली थी.

India Daily Live
मर्डर के बाद मटन पार्टी, सुपारी देने का आरोप, हत्याकांड में फंस गया बीमा भारती का बेटा

बिहार के पूर्णिया से सटे भवानीपुर बाजार में 2 जून को हुए व्यवसायी गोपाल यादुका की मर्डर मिस्ट्री को पुलिस ने सुलझा लिया है. इस हत्याकांड के तार रुपौली से 5 बार की विधायक और लोकसभा चुनाव में आरजेडी की प्रत्याशी रहीं बीमा भारती के बेटे से जुड़ा है. गोपाल यादुका की हत्या करने की डील पांच लाख रूपये में फिक्स हुई थी.  गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को यह भी बताया कि हत्या के बाद एकबासा में राजा कुमार ने पार्टी भी दी थी.

शूटर ने पुलिस से पूछताछ में बताया कि व्यवसायी की हत्या के लिए उन्हें सुपारी दी गई थी. आरोपियों ने कहा कि उन्हें रुपौली से पांच बार की विधायक और लोकसभा चुनाव में आरजेडी प्रत्याशी बीमा भारती के पुत्र ने राजा ने उनसे ऐसा करने को कहा. जिसके लिए राजा और शूटर के बीच पांच लाख रुपये की डील हुई थी. 

बीमा भारती के बेटे राजा ने किया शूटर का इंतजाम?

पुलिस के मुताबिक, व्यवसायी गोपाल यादुका के मर्डर में शामिल आरोपियों की पहचान बीकोठी थाना क्षेत्र भतसारा गांव निवासी ब्रजेश यादव और भवानीपुर के विकास यादव, संजय यादव और विशाल राय के रूप में हुई है. बीमा भारती के बेटे राजा कुमार, संजय और ब्रजेश आपसे में तीनों दोस्त हैं. तीनों की एक दूसरे से अच्छी जान पहचान थी. भवानीपुर थानेदार सुनील कुमार ने बताया कि व्यवसायी गोपाल यादुका के परिजनों ने घटना के बाद जमीनी विवाद का जिक्र किया था.

इसके बाद पुलिस ने इस एंगल पर काम करना शुरू किया. इस मामले में संजय नाम के ब्रोकर की भूमिका सामने आई. ब्रोकर के साथ रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई गई. इसके बाद पुलिस बी. कोठी थाना क्षेत्र के भतसारा गांव में रहने वाले ब्रजेश कुमार तक पहुंची. इस दौरान पुलिस के पूछताछ में ब्रजेश ने बताया कि ब्रोकर संजय किसी की हत्या के लिए भाड़े का शूटर खोज रहा था लेकिन काफी खोजने पर शूटर नहीं मिल सका. इसके बाद संजय ने बीमा भारती के बेटे राजा ये पूरी बात बतायी. उसके बाद राजा ने शूटर का इंतजाम कराया.

मर्डर के बाद राजा कुमार ने दी मटन पार्टी 

भवानीपुर के विशाल राय को गोपाल यादुका की हत्या की सुपारी दी गई. हत्या करने की डील पांच लाख रूपये में फिक्स हुई. इसमे शूटर विशाल ने पूरे हत्या को अंजाम तक पहुंचाने के लिए विकास यादव की मदद ली. इसके बाद 2 जून को चार अपराधियों ने मिलकर पूरे वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद कदमा वासा गांव में जमा हुए, फिर वहां बीमा भारती के बेटे ने सभी को मटन पार्टी दी.

इसके बाद राजा ने विकास यादव को 50 हजार रूपये, ब्रजेश यादव को 4800 रूपये दिए. वहीं मर्डर से पहले ब्रजेश यादव को एडवांस के रूप में 76 हजार रूपये भेजे गए थे. वहीं आरोपी ब्रजेश यादव और विकास यादव की गिरफ्तारी की भनक लगते ही बीमा भारती का बेटा राजा पूर्णिया छोड़कर भाग निकला. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है. वहीं, ब्रोकर संजय को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.

बता दें कि इस बार लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार के पूर्णिया सीट से RJD ने बीमा भारती को मैदान में उतारा था लेकिन पप्पू यादव ने निर्दलीय चुनाव लड़कर करीब 23 हजार वोटों से बीमा भारती को हरा दिया. 

सम्बंधित खबर