सिवान: बिहार के सिवान जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सोनू यादव को एनकाउंटर में मार गिराया है. यह कार्रवाई बड़हरिया थाना क्षेत्र के गौशीहाता गांव के पास हुई. पुलिस के मुताबिक सोनू यादव पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और भांजे पर हुए हमले में शामिल था.
जानकारी के अनुसार सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का रहने वाला था. चार दिन पहले उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और उनके भांजे हर्ष कुमार पर फायरिंग की थी. इस हमले में हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनका इलाज फिलहाल पटना के एक अस्पताल में चल रहा है.
इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनू यादव अपने कुछ साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जब टीम ने अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई. इस दौरान सोनू यादव के सीने में गोली लगी और उसकी मौके पर मौत हो गई.
पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुनील यादव को जामो थाना क्षेत्र के लद्दी बाजार से गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक कार भी बरामद की गई है.
इससे पहले दो दिन पहले छोटू यादव नाम के एक अन्य आरोपी का भी एनकाउंटर हुआ था. मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी. जिसके बाद उसे इलाज के लिए पटना भेजा गया, वहां उसका इलाज चल रहा है.
अब तक इस मामले में तीन आरोपियों पर कार्रवाई हो चुकी है. एक आरोपी एनकाउंटर में मारा गया है, दूसरा अस्पताल में भर्ती है और तीसरा पुलिस की गिरफ्त में है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.