नई दिल्ली: IPL एक ऐसा मंच है जहां नई प्रतिभाओं को उभरने का मौका मिलता है. यहां पर युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को विश्व के सामने रख कर सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं. इसी बीच विश्व क्रिकेट में एक युवा खिलाड़ी खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. वह कोई और नहीं बल्कि भारत के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं. उनकी उम्र भले ही कम हो, लेकिन खेल का स्तर दिग्गजों जैसा है. वैभव सूर्यवंशी जिस अंदाज में गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं, उसने हर किसी को हैरान कर दिया है.
उनकी बल्लेबाजी में इतनी ताकत और आत्मविश्वास नजर आ रहा है कि लोग उनकी तुलना अनुभवी खिलाड़ियों से करने लगे हैं. इतना ही नहीं वैभव की चर्चा केवल भारत में ही नहीं बल्कि पाकिस्तान में भी हो रही है. पाकिस्तान के क्रिकेट विशेषज्ञ नौमान नियाज ने एक कार्यक्रम में मजाक में कहा कि राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज में एआई चिप लगी हुई है.
पाकिस्तान के क्रिकेट विशेषज्ञ नौमान नियाज ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सूर्यवंशी की बल्लेबाजी इतनी असाधारण है कि ऐसा लगता है जैसे उनमें कोई 'एआई चिप' लगी हो. उन्होंने आगे कहा कि 'ये लड़का तो कमाल का है!'
इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन करना सामान्य नहीं माना जाता. सूर्यवंशी की टाइमिंग, शॉट चयन और गेंद को लंबे छक्कों में बदलने की क्षमता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है. उन्होंने आईपीएल में विश्व के बड़े-बड़े से गेंदबाजों को छक्का जड़ा है. उन्होंने इस सीजन बुमराह को उनकी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था.
विशेषज्ञों का मानना है कि सूर्यवंशी की ताकत सिर्फ उनकी पावर नहीं, बल्कि उनकी तकनीक है. उनकी कलाई का इस्तेमाल और गेंद की दिशा को नियंत्रित करने की कला उन्हें खास बनाती है. वह परफेक्ट टाइमिंग के साथ अपने शॉट के प्लेस करते हैं.
मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए सूर्यवंशी ऑरेंज कैप के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. अगर उन्होंने इसी तरह रन बनाना जारी रखा, तो सीजन के अंत में वह यह खिताब अपने नाम कर सकते हैं.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि युवा ओपनर ने अब तक 8 मैचों में 357 रन बना लिए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 234 से ज्यादा रहा है.