T20 World Cup 2026

SL vs NZ 2nd Test: जीत के बाद भी श्रीलंका ने प्लेइंग में किए 2 बदलाव, इन प्लेयर्स की अचानक कराई एंट्री

SL vs NZ 2nd Test: न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए श्रीलंका ने 2 बदलाव किए हैं. निशान पेरिस और मिलान रत्‍नायके को प्लेइंग 11 में जगह मिली है.

Twitter
India Daily Live

SL vs NZ 2nd Test: श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. यह मैच गुरुवार से गॉल स्टेडियम में खेला जाएगा. आखिरी टेस्ट के लिए कुल 2 बदलाव किए गए हैं. श्रीलंका ने निशान पेरिस को टेस्‍ट डेब्‍यू का मौका दिया. इस खिलाड़ी को दाएं हाथ के तेज गेंदबाज विश्‍वा फर्नांडो के कवर के रूप में शामिल किया गया था, लेकिन अब वो दूसरे टेस्ट में रमेश मेंडिस की जगह लेंगे.

27 साल के निशान का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन रहा है. उन्होंने 41 मैचों में 172 विकेट लिए हैं, जिसमें 12 बार पारी में 5 विकेट और एक बार मैच में 10 विकेट शामिल हैं.



श्रीलंका ने लाहिरू कुमारा की जगह मिलान रत्नायके को टीम में शामिल किया है. लाहिरू पहले टेस्ट में कोई विकेट नहीं ले पाए थे. रत्नायके ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट डेब्यू किया था और अब तक 10 विकेट चटका चुके हैं. उन्होंने डेब्यू मैच में 72 रन की पारी भी खेली थी.

डब्‍ल्‍यूटीसी फाइनल पर नजरें

दरअसल, श्रीलंका की नजरें विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में जगह बनाने पर हैं. धनंजय डी सिल्‍वा के नेतृत्व वाली श्रीलंकाई टीम इस समय तीसरे नंबर पर है. अब तक आठ मैचों में चार जीते जबकि इतने ही गंवाए हैं. अगर वो कीवी टीम को 2-0 से हरा देती है तो फाइनल में क्वालीफाई करने की दावेदार होगी.

दूसरे टेस्‍ट के लिए श्रीलंका की प्‍लेइंग 11

पाथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्‍ने, दिनेश चंडीमल, एंजेलो मैथ्‍यूज, कमिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्‍वा (कप्‍तान), कुसल मेंडिस, मिलान रत्‍नायके, प्रभात जयसूर्या, निशान पेरिस और असति फर्नांडो.