menu-icon
India Daily

Serena Williams Comeback: टेनिस कोर्ट पर वापस लौटी सेरेना विलियम्स, क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट में खेलेंगी डबल्स

टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स टेनिस कोर्ट पर वापिस लौट रही हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
Serena Williams Comeback: टेनिस कोर्ट पर वापस लौटी सेरेना विलियम्स, क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट में खेलेंगी डबल्स
Courtesy: X

टेनिस के प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. एक लंबे अंतराल के बाद सेरेना विलियम्स एक बार फिर टेनिस कोर्ट पर उतरने के लिए तैयार हैं. 2022 यूएस ओपन के बाद टेनिस से दूर रहने वाली सेरेना अब लंदन में आयोजित होने वाले क्वीन्स क्लब ग्रास-कोर्ट टूर्नामेंट में डबल्स वर्ग में खेलती नजर आएंगी.

चार साल बाद फिर दिखेगा सेरेना का जादू

महिला टेनिस संघ (WTA) और HSBC चैंपियनशिप की ओर से पुष्टि की गई है कि सेरेना विलियम्स ने क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट के लिए वाइल्ड कार्ड स्वीकार कर लिया है. यह प्रतियोगिता विंबलडन की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. 44 वर्षीय सेरेना 2022 यूएस ओपन के बाद किसी पेशेवर मुकाबले में नहीं उतरी हैं. उस समय उन्होंने खुद को खेल से "रिटायर" नहीं बल्कि "इवॉल्व" होने की प्रक्रिया में बताया था. अब उनकी वापसी ने यह साफ कर दिया है कि टेनिस से उनका रिश्ता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.

डबल्स में उतरेंगी

क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट 8 जून से 14 जून तक खेला जाएगा. सेरेना डबल्स स्पर्धा में हिस्सा लेंगी. हालांकि उनके जोड़ीदार के नाम का अभी खुलासा नहीं किया गया है. टूर्नामेंट आयोजकों ने बताया है कि सही समय पर उनके पार्टनर की घोषणा की जाएगी. सेरेना के नाम 23 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब के अलावा 14 ग्रैंड स्लैम डबल्स ट्रॉफियां भी दर्ज हैं.

दिग्गजों ने भी किया स्वागत

टेनिस की महान खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा ने सेरेना की वापसी का स्वागत किया है. उनका कहना है कि सेरेना ने टेनिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. अब उनकी वापसी खेल के लिए बेहद खास है. नवरातिलोवा ने यह भी कहा कि कई युवा खिलाड़ियों को कभी सेरेना के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला. यह अनुभव उनके लिए भी यादगार होगा.

विंबलडन पर भी टिकी रहेंगी नजरें

सेरेना ने अपनी वापसी का संकेत सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करके दिया था. वीडियो में वह रैकेट के साथ कोर्ट से बाहर निकलती नजर आई और कैप्शन में लिखा, “लगता है सबको खबर मिल गई.” फरवरी में उन्होंने एंटी-डोपिंग कार्यक्रम में दोबारा पंजीकरण कराया था, जो वापसी की दिशा में पहला औपचारिक कदम था.