नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का 44वां मुकाबला शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया, जहां चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से मात दी. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की टीम 159 रन ही बना सकी, जिसे सीएसके ने 19वें ओवर में आसानी से हासिल कर लिया.
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने की. हालांकि सैमसन 11 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन गायकवाड़ ने पारी को संभाले रखा. उर्विल के आउट होने के बाद गायकवाड़ ने कार्तिक शर्मा के साथ मिलकर टीम को जीत की ओर बढ़ाया. कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला आईपीएल अर्धशतक जड़ा और टीम को 19वें ओवर में जीत दिलाई.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. दूसरे ही ओवर में विल जैक्स 1 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद रिकेल्टन ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन 7वें ओवर में उनका विकेट गिर गया.
सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंदों में 21 रन बनाए, जबकि 11 ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा. नमन धीर ने 37 गेंदों में 57 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन निचला क्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा, जिससे टीम 159 रन तक ही सीमित रह गई.
चेन्नई के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया. खास तौर पर नूर अहमद ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट झटके और मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका.