T20 World Cup 2026

IND vs SA: शुभमन गिल की जगह बीच मैच के दौरान ऋषभ पंत बने टीम इंडिया के कप्तान, जानें कारण

साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान भारत के कप्तान शुभमन गिल को चोट लगी. ऐसे में आइए जानते हैं कि उनकी जगह टीम इंडिया की कप्तानी कौन कर रहा है.

@BCCI (X)
Praveen Kumar Mishra

नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे इस मैच में कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए. 

अब सवाल उठ रहा है कि उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान कौन संभालेगा? बता दें कि गिल को गर्दन में चोट आई और इसी वजह से उनका अब इस मुकाबले में वापसी करना मुश्किल दिखाई दे रहा है.

शुभमन गिल को लगी गर्दन की चोट

मैच के दूसरे दिन की शुरुआत में ही शुभमन गिल को परेशानी हुई. वार्म-अप के दौरान वे गर्दन में दर्द की शिकायत कर रहे थे और मेडिकल टीम से बात कर रहे थे. फिर भी वे बल्लेबाजी करने उतरे. 

पहले दो गेंदों को अच्छी तरह ब्लॉक किया और तीसरी गेंद पर स्वीप शॉट से चौका जड़ा. हालांकि, जैसे ही वे उठे, गर्दन में तेज दर्द हुआ और वे मैदान पर ही बैठ गए.

मैदान के बाहर गए गिल

फिजियो ने तुरंत जांच की और गिल को मैदान से बाहर ले जाया गया. वे गर्दन हिला भी नहीं पा रहे थे. बीसीसीआई ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि गिल को गर्दन में अकड़न (नेक स्पैज्म) है और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है. आज के खेल में उनकी भागीदारी उनके सुधार पर निर्भर करेगी.

क्या गिल पूरी सीरीज से बाहर हो सकते हैं?

चोट की गंभीरता को देखते हुए संभावना है कि शुभमन गिल पहले टेस्ट के बाकी हिस्से में नहीं खेल पाएं. दूसरे टेस्ट से भी बाहर होने की आशंका जताई जा रही है. यह टीम इंडिया के लिए दोहरा नुकसान है एक शानदार बल्लेबाज और कप्तान दोनों की कमी खलेगी. जून से लगातार तीनों फॉर्मेट में खेल रहे गिल की अनुपस्थिति बड़ा झटका साबित हो सकती है.

कप्तानी की जिम्मेदारी किस पर?

शुभमन गिल के चोटिल होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम इंडिया की कप्तानी कौन संभालेगा? जवाब साफ है ऋषभ पंत. वे इस टेस्ट सीरीज में टीम के उप-कप्तान हैं. अगर गिल मैच से बाहर होते हैं, तो पंत ही कमान संभालेंगे. 

पंत पहले भी कई मौकों पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से टीम को मजबूती दे चुके हैं. अब कप्तानी की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आएगी.