IND vs SA: ऋषभ पंत ने विकेट के पीछे से किया कमाल, वीडियो में देखें कैसे की गजब की स्टंपिंग
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच गुवाहाटी में जारी है. इस मुकाबले में ऋषभ पंत का कमाल देखने को मिला और उन्होंने गजब की स्टंपिंग की है.
गुवाहाटी: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने गजब की फुर्ती दिखाई है. उन्होंने विकेट के पीछे शानदार स्टंपिंग करते हुए गिल्लियां बिखेर दी.
बता दें कि इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है. उन्होंने खेल के दूसरे दिन 400 रनों के आंकड़े को पार कर लिया है और आगे भी शानदार बल्लेबाजी जारी है.
ऋषभ पंत की कमाल की स्टपिंग
दरअसल, दूसरे दिन का खेल शुरु होने पर साउथ अफ्रीका ने 6 विकेट गंवाए थे. इसके बाद सेनुरन मुथुसामी और काइल वेरेन दूसरे दिन बल्लेबाजी करने के लिए उतरे. इन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और भारत के गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया.
हालांकि, जडेजा ने दूसरे दिन के दूसरे सेशन में भारत को पहली सफलता दिलाई. उन्होंने वेरेन को स्टंप ऑउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया. पंत ने शानदार स्टंपिंग की, जिसमें उनकी मुस्तैदी दिखाई दी और गिल्लियां बिखेर कर अफ्रीकी बल्लेबाज को मैदान से बाहर भेजा.
यहां पर देखें ऋषभ पंत के स्टंपिंग का वीडियो-
साउथ अफ्रीका की दमदार वापसी
अफ्रीकी टीम ने कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत हासिल की थी. इसके बाद पहले दिन उन्होंने 250 रनों के भीतर 6 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद दूसरे दिन प्रोटियाज ने शानदार वापसी की और स्कोर को 400 के पार पहुंचा दिया. मेहमान टीम के पुछल्ले बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया है.
सेनुरन मुथुसामी ने लगाया शतक
भारत के खिलाफ इस मुकाबले में मुथुसामी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है. उन्होंने इस मुकाबले में अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया. इसी के साथ भारत को बैकफुट पर धकेल दिया है. उन्होंने अपनी सेंचुरी 192 गेंदों पर पूरी की और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाया.
तो वहीं दूसरी तरफ मार्को जैंसन ने भी इंडियन बॉलर्स की जमकर कुटाई की और तेज तर्रार अर्धशतक लगाया. जैंसन ने 53 गेंदों पर ही अपनी हॉफ सेंचुरी पूरी की और प्रोटियाज को 400 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. लंच ब्रेक तक अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 428 रन बना लिए हैं.