IND vs SA: ऋषभ पंत ने छोड़ी आसान स्टंपिंग, वीडियो में देखें स्टब्स को जीवनदान देकर कैसे हंसने लगे कप्तान
साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में भारत के कप्तान ऋषभ पंत ने आसान स्टंपिंग छोड़ दी. इसके बाद वे हंसने लगे और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
गुवाहाटी: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी टेस्ट मैच में मेहमान टीम पूरी तरह हावी है. कोलकाता टेस्ट जीतने के बाद अब प्रोटियाज टीम भारत को उसके घर में बुरी तरह पछाड़ रही है.
हालांकि, इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा भारत के कप्तान ऋषभ पंत की हो रही है और वो भी गलत कारणों से. पंत ने एक आसान स्टंपिंग मिस कर दी और उसके बाद हंसने लगे.
आसान स्टंपिंग चूककर हंस पड़े ऋषभ पंत
चौथे दिन टी ब्रेक के ठीक पहले का वाकया सबको हैरान कर गया. वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स हवा में पूरी तरह धोखा खा गए. गेंद विकेटकीपर ऋषभ पंत के दस्तानों में आई, स्टंपिंग का एकदम साफ मौका था. हालांकि, पंत गेंद को स्टंप पर नहीं लगा सके और मौका गंवा बैठे.
सबसे हैरान करने वाली बात ये रही कि चूक के तुरंत बाद पंत जोर-जोर से हंसने लगे. मैदान पर कैमरे ने साफ-साफ ये तस्वीर कैद कर ली. उस वक्त स्टब्स सिर्फ 7 रन पर खेल रहे थे और 36 गेंदें खेल चुके थे.
यहां पर देखें ऋषभ पंत का वीडियो-
फैंस भड़के मीम्स की बाढ़
पंत का ये हंसना फैंस को बिल्कुल अच्छा नहीं लगा. सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई. कोई लिख रहा था, "कप्तान हो या जोकर?", कोई कह रहा था "ये हंसी नहीं, देश की बेइज्जती है". कुछ ही मिनटों में मीम्स की बाढ़ आ गई.
लोगों का गुस्सा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि पहली पारी में पंत बल्ले से पूरी तरह फ्लॉप रहे थे. ऊपर से अब विकेटकीपर के रूप में भी ऐसी गलती और उस पर हंसी ने फैंस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
मैच में दक्षिण अफ्रीका का दबदबा
फिलहाल दक्षिण अफ्रीका की टीम 450 से अधिक रनों की बढ़त ले चुकी है और अभी उनके 6 विकेट बाकी हैं. ट्रिस्टन स्टब्स और टोनी डी जोर्जी क्रीज पर हैं. टीम 500 के आंकड़े को छूने के बाद पारी घोषित करने का प्लान बना रही है.
अगर स्टब्स बड़ा स्कोर बना लेते हैं तो पंत की वो चूक और भी महंगी पड़ेगी. भारत के लिए अब पांच सेशन बचे हैं और वापसी करना बेहद मुश्किल लग रहा है. दक्षिण अफ्रीका अगर ये मैच जीत लेती है तो भारत में पहली बार टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया का क्लीन स्वीप करेगी.