IND vs SA: मार्क्रम-रिकल्टन ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ गुवाहाटी में दोहराया 17 साल पुराना करिश्मा

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान रयान रिकल्टन और एडन मार्क्रम ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने 17 साल बाद खास कारनामा किया है.

X
Praveen Kumar Mishra

गुवाहाटी: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में अफ्रीकी टीम के ओपनर रयान रिकल्टन और एडन मार्क्रम ने इतिहास रच दिया है.

दोनों ने इस मैच की दोनों पारियों में पहली विकेट के लिए 50 से ज्यादा रनों की साझेदारी की. इसी के साथ वे 17 साल बाद भारत की सरजमीं पर ऐसा करने वाली दक्षिण अफ्रीकी जोड़ी बन गए.

17 साल बाद दोहराया गया पुराना रिकॉर्ड

मार्क्रम और रिकल्टन ने पहली पारी में 82 रन और दूसरी पारी में 59 रनों की साझेदारी की. इससे पहले 2008 में चेन्नई टेस्ट में ग्रीम स्मिथ और नील मैकेंजी ने यह कारनामा किया था. तब स्मिथ-मैकेंजी पहली पारी में 132 और दूसरी पारी में 53 रन जोड़कर लौटे थे.

इससे पहले 2004 में कानपुर और 2000 में मुंबई में भी दक्षिण अफ्रीका की सलामी जोड़ियों ने दोनों पारियों में 50+ रन जोड़े थे. यानी कुल मिलाकर मार्क्रम-रिकल्टन भारत में ऐसा करने वाली सिर्फ चौथी दक्षिण अफ्रीकी ओपनिंग जोड़ी हैं.

दोनों पारियों में रिकल्टन ने बनाए 35-35 रन

रयान रिकल्टन ने इस मैच में दोनों पारियों में एक जैसी बल्लेबाजी की. पहली पारी में 82 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 35 रन बनाए. वहीं दूसरी पारी में 64 गेंदों पर 4 चौकों के साथ फिर 35 रन बनाकर आउट हुए. 

चौथे दिन सुबह के सत्र में रवींद्र जडेजा की गेंद पर मिड-ऑन पर मोहम्मद सिराज ने उनका शानदार कैच लपका. एडन मार्क्रम पहली पारी में 81 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए थे. 

मार्क्रम की फील्डिंग भी सुर्खियों में

बल्लेबाजी के अलावा मार्क्रम अपनी फील्डिंग से भी चर्चा में हैं. तीसरे दिन उन्होंने एक ही पारी में गैर-विकेटकीपर के तौर पर 5 कैच लपके, जो टेस्ट क्रिकेट में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी है.

भारत में 50+ स्कोर बनाने वाले अफ्रीकी ओपनर

  • हर्शल गिब्स और गैरी कर्स्टन- 90 & 51 रन (मुंबई, 2000)
  • ग्रीम स्मिथ और एंड्र्यू हॉल- 61 & 67 रन (कानपुर, 2004)
  • ग्रीम स्मिथ और नील मैकेंजी- 132 & 53 रन (चेन्नई, 2008)
  • एडन मार्क्रम और रयान रिकल्टन- 82 & 59 रन (गुवाहाटी, 2025)