'उनकी कप्तानी में सुधार..' GT के बल्लेबाज ने शुभमन गिल की कप्तानी को किया रेट, IPL में सफलता का खोला राज
IPL जैसे लंबे और दबाव भरे टूर्नामेंट में सिर्फ कौशल ही नहीं, बल्कि मेंटल स्ट्रेंथ भी उतनी ही अहम होती है. गुजरात टाइटन्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अनुज रावत ने इसी पहलू पर जोर देते हुए बताया कि लगातार तैयार रहना
नई दिल्ली: IPL जैसे लंबे और दबाव भरे टूर्नामेंट में सिर्फ कौशल ही नहीं, बल्कि मेंटल स्ट्रेंथ भी उतनी ही अहम होती है. गुजरात टाइटन्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अनुज रावत ने इसी पहलू पर जोर देते हुए बताया कि लगातार तैयार रहना और खुद को मानसिक से तरोताजा रखने के महत्व पर जोर दिया.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले रावत ने कहा कि एक खिलाड़ी को हर समय खुद को तैयार रखना चाहिए, क्योंकि मौका कब मिले, यह तय नहीं होता. उन्होंने बताया कि यह समय न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से खुद को संतुलित रखने का होता है, जिससे खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को बेहतर बना सके. साथ ही कप्तान शुभमन गिल की संयमित नेतृत्व क्षमता की भी प्रशंसा की.
तैयारी और मानसिक संतुलन की अहमियत
रावत का मानना है कि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए निरंतर अभ्यास और धैर्य बेहद जरूरी है. उनका कहना है कि जो खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत रहता है, वही लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन कर पाता है. इंतजार के दौरान खुद को पोजीटिव बनाए रखना ही असली चुनौती होती है.
शुभमन गिल की कप्तानी की तारीफ
रावत ने कप्तान शुभमन गिल की नेतृत्व की भी जमकर सराहना की. उनके अनुसार गिल ने पिछले साल के मुकाबले इस सीजन में ज्यादा परिपक्वता दिखाई है. उन्होंने आक्रामकता और शांत रवैये के बीच सही संतुलन बनाया है जोकि टीम के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है.
उन्होंने कहा कि मैंने पिछले साल और इंग्लैंड टेस्ट दौरे के दौरान भी गिल की कप्तानी में सुधार देखा था. इस साल उन्होंने काफी संयम दिखाया है. आक्रामक होने का भी समय होता है और शांत रहने का भी, और यह स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है. जब आपका कप्तान इस तरह नेतृत्व करता है तो अच्छा लगता है.
मैथ्यू हेडन से मिली सीख
टीम के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन से मिली सलाह का जिक्र करते हुए रावत ने बताया कि उन्होंने पावर-हिटिंग पर खास काम किया है. मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उनका लक्ष्य पारी को मजबूती से खत्म करना होता है, और हेडन की टिप्स इसमें काफी मददगार रही हैं.
IPL करियर और टीम की स्थिति
अनुज रावत के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के साथ की थी. इसके बाद वह आरसीबी का हिस्सा रहे और अब गुजरात टाइटन्स के साथ जुड़े हुए हैं. इस सीजन में जीटी ने अब तक आठ मैचों में चार जीत दर्ज की हैं और अंक तालिका में मध्य स्थान पर बनी हुई है.