नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड पिछले कुछ समय से स्टार खिलाड़ियों को लेकर सख्त हुआ है. बोर्ड का मानना है कि अगर कोई भी खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल रहा है, तो उसे घरेलू क्रिकेट में खेलना होगा.
इसके बाद रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता दिखाई. अब हार्दिक पांड्या ने बड़ौदा के लिए खेलने के लिए हामी भरी है. हालांकि, विराट कोहली को लेकर कोई अधिक जानकारी सामने नहीं आई है.
भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे समय बाद मैदान पर लौटने वाले हैं. वे बड़ौदा की टीम से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलेंगे. यह टूर्नामेंट 26 नवंबर से हैदराबाद में शुरू हो रहा है. अगर सब ठीक रहा तो हार्दिक पहले मैच में ही खेल सकते हैं. अगर थोड़ी देर हुई तो दूसरे मैच से जरूर जुड़ेंगे.
हार्दिक चोट के कारण एशिया कप के बाद से बाहर थे. उन्हें श्रीलंका के खिलाफ मैच में बाएं क्वाड्रिसेप में चोट लगी थी. इसके बाद वे पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज नहीं खेल पाए.
अब बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं. जल्द ही फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर वे हैदराबाद जाएंगे और मुकाबला खेलते हुए दिखाई देंगे.
रोहित शर्मा ने सबसे पहले बीसीसीआई के नियम को माना. वे विजय हजारे ट्रॉफी खेलना चाहते हैं. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को अभी आधिकारिक सूचना नहीं मिली लेकिन रोहित की इच्छा साफ है. पूर्व कप्तान होने के नाते उनका यह कदम दूसरे खिलाड़ियों के लिए उदाहरण है.
विराट कोहली अभी लंदन में परिवार के साथ हैं. उन्होंने घरेलू क्रिकेट खेलने पर कोई बयान नहीं दिया. बीसीसीआई सभी सीनियर खिलाड़ियों से घरेलू टूर्नामेंट खेलने को कह रहा है, लेकिन विराट की ओर से कोई जवाब नहीं आया.
बीसीसीआई चाहता है कि खिलाड़ी फिट रहें और मैच प्रैक्टिस लें. हार्दिक को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले कम से कम एक मैच खेलने की सलाह है. यह सीरीज 30 नवंबर से रांची में शुरू होगी. इसके बाद रायपुर और विशाखापट्टनम में मैच होंगे. फिर 9 दिसंबर से कटक में टी20 सीरीज शुरू होगी.