menu-icon
India Daily

'मुझे नहीं लगता कि ये मुश्किल विकेट थी...', पिच पर सवाल उठाने से भड़के गंभीर, बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा हार का ठीकरा!

कोलकाता के टर्निंग ट्रैक पर भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ बुरी हार का सामना करना पड़ा. इसी के साथ अब पिच को लेकर किए गए सवाल पर गौतम गंभीर भड़क गए हैं.

mishra
'मुझे नहीं लगता कि ये मुश्किल विकेट थी...', पिच पर सवाल उठाने से भड़के गंभीर, बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा हार का ठीकरा!
Courtesy: @mufaddal_vohra (X)

कोलकाता: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता में समाप्त हो चुका है. इस मुकाबले में टीम इंडिया को 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा. इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है.

इस मैच में टीम इंडिया ने टर्निंग ट्रैक मांगा था लेकिन भारत का यह दांव उल्टा पड़ गया और टीम इंडिया की बल्लेबाजी फ्लॉप रही. इस मैच में हार के बाद भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने पिच को लेकर बड़ा बयान दिया है.

गौतम गंभीर ने पिच को लेकर दिया बयान

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मुकाबले में हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा, "हमने इसी तरह की पिच की मांग की थी और हमें बिल्कुल वैसी ही पिच मिली. आपको स्पिन खेलना आना चाहिए. अधिकतर विकेट तेज गेंदबाजों ने हासिल किए हैं."

गंभीर ने आगे कहा, "मुझे लगता है कि 123 रन आसानी से चेज हो सकते थे. यहां पर आपको रन बनाने के लिए बेहतर टेंपरामेंट की जरूरत होती है."

100 रनों के भीतर सिमटी भारत की पारी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरी पारी में टीम इंडिया की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही. टीम इंडिया मात्र 93 रनों पर सिमट गई. इसी के साथ मेन इन ब्लू 124 रनों का लक्ष्य भी हासिल नहीं कर सकी और 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

साउथ अफ्रीका ने रचा इतिहास

साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले में जीत के साथ ही इतिहास रच दिया है. उन्होंने भारत में 15 सालों बाद कोई टेस्ट मैच जीता है. इससे पहले उन्होंने साल 2010 में भारत की सरजमीं पर को टेस्ट मैच अपने नाम किया था. तो वहीं अब अफ्रीकी टीम इस सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त भी हासिल कर चुकी है.

साउथ अफ्रीका ने बनाया रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ इस मुकाबले में 124 रन डिफेंड करते ही प्रोटियाज ने भारत में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का दूसरा सबसे छोटा स्कोर डिफेंड किया है. इससे पहले टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2004 में 107 रन डिफेंड किए थे.

इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड की टीम काबिज है. उन्होंने 2024 में वानखेड़े के मैदान पर 147 रनों का बचाव किया था और भारत को सीरीज में 3-0 से हराया था.

Topics