'भाई लोग बड़ी गलती हो गई', MS Dhoni को लेकर DK ने क्यों मांगी माफी?
Dinesh Karthik: दिनेश कार्तिक ने अपनी एक गलती को लेकर फैंस से माफी मांगी है. उन्होंने अपनी ऑल टाइम बेस्ट इंडिया प्लेइंग 11 में एमएस धोनी को जगह नहीं देने की गलती कर दी थी, अब इस मुद्दे पर डीके ने सफाई दी और कहा कि धोनी उनकी टीम के कप्तान होंगे.
Dinesh Karthik: टीम इंडिया के पूर्व स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक अपनी एक गलती और फिर उसी गलती पर माफी मांगने को लेकर चर्चा में हैं. यह मामला पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी से जुड़ा है. डीके ने एक दिन पहले ही भारत की ऑल टाइम बेस्ट प्लेइंग इलेवन चुनी थी, जिसे लेकर फैंस ने उन्हें ट्रोल कर दिया, क्योंकि इस बेस्ट प्लेइंग 11 में दिग्गज कप्तान और स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी का नाम नहीं था, जबकि भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान से दुनिया वाकिफ है. जब डीके को अपनी इस गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने सफाई देते हुए माफी मांग ली है.
दरअसल, दिनेश कार्तिक ने ‘क्रिकबज’ पर एक सवाल के जवाब के दौरान बेस्ट प्लेइंग 11 चुनी थी, उन्होंने साफ किया था कि यह ऑल टाइम प्लेइंग 11 हर फॉर्मेट को मिलाकर बनाई गई है. डीके ने इस प्लेइंग 11 में सचिन तेंदुलकर से लेकर जसप्तीर बुमराह तक को जगह दी थी, लेकिन एमएस धोनी का नाम नहीं था.
धोनी को 7 नंबर पर रखूंगा, वो कप्तान होंगे
दिनेश कार्तिक ने एमएस धोनी को लेकर कहा 'यह बात साफ है कि थाला धोनी किसी भी फॉर्मेट में खेल सकते हैं. मेरा मानना है कि सिर्फ भारत ही नहीं, वे कहीं भी खेल सकते हैं. मुझे लगता है कि वे अब तक के महान क्रिकेटरों में से एक हैं. अगर मुझे उस टीम में बदलाव करना पड़े तो मैं धोनी को नंबर 7 पर रखूंगा. वह भारतीय टीम के कप्तान होंगे.
दिनेश कार्तिक की ऑल टाइम बेस्ट भारतीय प्लेइंग इलेवन
वीरेंद्र सहवाग, रोहित शर्मा, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, युवराज सिंह, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अनिल कुंबले, जसप्रीत बुमराह, जहीर खान, हरभजन सिंह (12वां खिलाड़ी).