T20 World Cup 2026

MS Dhoni के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में दर्ज हुआ मानहानि का केस, जानें किसने और क्यों किया...

Defamation case against MS Dhoni: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का केस दर्ज किया गया है. जानिए पूरा मामला क्या है...

Bhoopendra Rai

MS Dhoni: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि का केस दायर किया गया है. धोनी के पूर्व बिजनेस पार्टनर मिहिर दिवाकर और मिहिर की पत्नी सौम्या दास ने यह केस फाइल किया है. इस मामले की सुनवाई 18 जनवरी को होनी है. मिहिर का कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज मामले में कोर्ट कोई ठोस निष्कर्ष दे पाती इससे पहले ही धोनी के वकील दयानंद शर्मा ने 6 जनवरी 2024 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मेरे खिलाफ आरोप लगाए थे. जिसे मीडिया ने बहुत ज्यादा दिखाया, इससे उनकी छवि खराब हुई है.

मिहिर दिवाकर पर धोनी ने लगाया था 15 करोड़ रुपए के नुकसान का आरोप

मिहिर दिवाकर ने मानहानि का केस करते हुए मांग की है कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने से रोका जाना चाहिए. इससे पहले एमएस धोनी ने अरका स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड एंड मैनेजमेंट लिमिटेड के मालिक मिहिर और सौम्या के खिलाफ रांची सिविल कोर्ट में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था, जिसमें 15 करोड़ रुपए के आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है.

धोनी और मिहिर दिवाकर के बीच बिजनेस डील से जुड़ा है मामला 

दरअसल, धोनी और अरका स्पोर्ट्स मैनेजमेंट के बीच साल 2017 में एक बिजनेस डील हुई थी. जिसके तहत भारत और विदेशों में क्रिकेट एकेडमी खोली जानी थीं. इस डील में जिन-जिन शर्तों पर सहमति बनी थी बाद में उनका पालन नहीं हुआ था. धोनी के वकील ने बताया था कि डील के दौरान इस बात पर सहमति बनी थी कि कैप्टन कूल को पूरी फ्रैंचाइजी फीस मिलेगी और मुनाफा 70:30 के आधार पर धोनी और उनके पार्टनर के बीच बांटा जाएगा, लेकिन बिजनेस पार्टनर ने धोनी की जानकारी के बिना ही एकेडमी खोलना शुरू कर दिया और कोई पैसे नहीं दिए.