US-Israel-Iran Live Updates: इजरायल के डिमोना इलाके में ईरान का बैलिस्टिक मिसाइल से हमला, 20 लोग घायल
US-Israel-Iran Live Updates: मिडिल ईस्ट में युद्ध लगातार तीन हफ्तों से चल रहा है. इस युद्ध में तनाव कम होता नहीं दिख रहा है. बता दें कि यह युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया था.
US-Israel-Iran Live Updates: मिडिल ईस्ट में युद्ध लगातार तीन हफ्तों से चल रहा है. इस युद्ध में तनाव कम होता नहीं दिख रहा है. बता दें कि यह युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया था. इसके शुरुआती दौर में ही ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई अन्य शीर्ष नेता मारे गए थे. इसके जवाब में, ईरान लगातार इजरायल और उन खाड़ी देशों पर हमले कर रहा है, जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे मौजूद हैं.
शनिवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियानों को खत्म करने पर विचार कर रहा है. ट्रंप ने कहा है, "हम अपने लक्ष्यों को हासिल करने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं. इसी के साथ, हम ईरान के आतंकवादी शासन के खिलाफ मिडिल ईस्ट में चलाए जा रहे अपने विशाल सैन्य प्रयासों को समेटने पर विचार कर रहे हैं." मिडिल ईस्ट में चल रहे इस युद्ध की पल-पल की अपडेट जानने के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ...
11:51:25 PM
इजरायल के डिमोना इलाके में ईरान का बैलिस्टिक मिसाइल से हमला
ईरान ने इजरायल के डिमोना इलाके में बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है जिसमें 20 लोगों के घायल होने की खबर है.
10:19:45 PM
ईरानी नेवी ने LPG लदे भारतीय जहाज को होर्मुज पार कराया
दावा किया जा रहा है कि ईरानी नेवी ने एलपीजी लदे भारतीय जहाज को होर्मुज पार कराया है. जहाज को हमले से बचाने के लिए ट्रैकिंक सिस्टम बंद कर दिए गए थे.
09:25:06 PM
युद्ध रोकने में स्वतंत्र भूमिका निभाएं ब्रिक्स देश: ईरान
प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर हुई बातचीत में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि ब्रिक्स देशों को इस युद्ध को रोकने में स्वतंत्र भूमिका निभानी चाहिए.
08:30:52 PM
अमेरिका-इजरायल को पहले आक्रामकता रोकनी होगी: ईरान
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि युद्ध समाप्त करने की शर्त ये है कि इजरायल और अमेरिका को तुरंत आक्रामकता रोकनी होगी.
07:13:30 PM
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अब तक 130 ईरानी जहाजों को निशाना बनाया गया
अमेरिकी सेना का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के लिए तेहरान का खतरा 'कमजोर' हो गया है. सेना ने कहा कि अब तक 130 ईरानी जहाजों को निशाना बनाया गया है.
06:44:57 PM
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिली कॉमर्शियल LPG के लिए अतिरिक्त 20% आवंटन की अनुमति
सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कॉमर्शियल LPG के लिए अतिरिक्त 20% आवंटन की अनुमति दी है, जिससे कुल आवंटन बढ़कर 50% हो गया है.
04:14:57 PM
ईरान ने इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे को बनाया निशाना
नतांज परमाणु केंद्र को निशाना बनाया जाने के बाद ईरान ने पलटवार करते हुए इजरायल के बेन गुरियन हवाई पर हमला किया है.
03:29:43 PM
ईरान के नतांज परमाणु केंद्र पर हुआ बड़ा हमला
ईरान ने कहा कि अमेरिका-इजरायल ने उसके नतांज परमाणु केंद्र पर बड़ा हमला किया है.
02:04:03 PM
बगदाद में इराकी खुफिया मुख्यालय को ड्रोन से बनाया निशाना
एक रिपोर्ट के अनुसार, बगदाद में इराकी खुफिया मुख्यालय को ड्रोन से निशाना बनाया गया है.
01:59:09 PM
तेहरान हमले में मारे गए बसीज के डिप्टी अजीम इस्माइली
ईरान के बसीज संगठन के डिप्टी अजीम इस्माइली 17 मार्च को तेहरान में हुए एक हमले में संगठन के प्रमुख गुलामरेजा सुलेमानी के साथ मारे गए.
01:59:02 PM
पुतिन ने ईरान को दी नौरोज की बधाई
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान को नौरोज की बधाई दी है. उन्होंने कहा कि रूस ईरान का वफादार दोस्त और भरोसेमंद साथी बना रहेगा.
01:58:52 PM
ट्रंप प्रशासन ईरान के परमाणु सामग्री को निकालने के तरीकों पर कर रहा विचार
सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अभी अंतिम फैसला नहीं लिया है कि ईरान के अंदर जाकर उसकी उच्च समृद्ध यूरेनियम जैसी परमाणु चीजों को जब्त किया जाए या नहीं.
01:58:42 PM
ईरान ने GCC देशों पर 3,000 से ज्यादा मिसाइलें और ड्रोन दागे
ईरान ने GCC देशों पर 3,000 से ज्यादा मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं. इससे मध्य पूर्व में तनाव बहुत बढ़ गया है और शिया-सुन्नी विभाजन और गहरा हो गया है. ईरान ने सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत जैसे देशों पर हमले किए हैं, जिसमें तेल और गैस सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है.
01:58:35 PM
सेंटर इजरायल में मिसाइल गिरने की खबरों के बाद बचाव टीमें मौके पर मौजूद
इजराइली सेना ने बताया कि कई जगहों पर असर हुआ है. बचाव और रिकवरी टीमें वहां भेजी गई हैं.
12:31:18 PM
IRGC ने हमलों की 70वीं लहर का किया दावा
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने शनिवार को अपने जवाबी ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 की 70वीं लहर की घोषणा की. उसने बताया कि इस दौरान पूरे क्षेत्र में अमेरिका और इजराइल से जुड़े 55 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया गया.
12:29:02 PM
ईरानी रेड क्रिसेंट ने बचाव अभियान किया शुरू
एक रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान हवाई हमले के बाद ईरानी रेड क्रिसेंट ने बचाव अभियान शुरू किया है.
11:48:01 AM
ईरान ने डिएगो गार्सिया बेस पर दागीं मिसाइलें, यूएस ने किया कंफर्म
एक रिपोर्ट के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने पुष्टि कर बताया है कि ईरान ने अमेरिका और ब्रिटेन के संयुक्त सैन्य बेस, डिएगो गार्सिया पर दो मध्यम-दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं.
अधिकारी ने यह बताया है कि ये मिसाइलें हिंद महासागर में स्थित उस ठिकाने पर दागी गई थीं, जो ईरान के तट से लगभग 2,370 मील की दूरी पर है.
11:11:25 AM
इराक ने विदेशी-संचालित तेल क्षेत्रों पर फोर्स मेज्योर किया घोषित
इराक ने शुक्रवार को उन सभी तेल क्षेत्रों पर फोर्स मेज्योर घोषित कर दिया, जिनका संचालन विदेशी कंपनियां करती हैं. यह कदम क्षेत्रीय सैन्य गतिविधियों के कारण 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से होने वाले नौवहन में आई रुकावटों के बाद उठाया गया है.
11:10:18 AM
ईरान के साथ युद्ध खत्म करने पर ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह मिडिल-ईस्ट में सैन्य ऑपरेशन्स को कम करने पर विचार कर रहे हैं, जबकि वॉशिंगटन इस क्षेत्र में तीन अतिरिक्त एम्फीबियस असॉल्ट शिप और लगभग 2,500 मरीन तैनात कर रहा है.
10:30:00 AM
लगातार हमलों के बीच सऊदी ने पूर्वी इलाके में 8 ड्रोन रोके
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने दो घंटे के अंदर ही देश के पूर्वी इलाके में आठ ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया. मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि ये ड्रोन कहाँ से आए थे, और न ही किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की जानकारी दी.
09:59:02 AM
ईरान युद्ध के कारण फ्यूल की कीमतें बढ़ने से यूनाइटेड एयरलाइन्स घाटे वाले रूट करेगी बंद
यूनाइटेड एयरलाइन्स अगले दो तिमाहियों में अपनी और भी घाटे वाली उड़ानें कम करने की योजना बना रही है. कंपनी ईरान संघर्ष से जुड़ी जेट ईंधन की ऊंची कीमतों के लंबे समय तक बने रहने की स्थिति के लिए खुद को तैयार कर रही है.
09:57:05 AM
ट्रंप सरकार ने ईरानी तेल पर दी 30 दिन की छूट
बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट के बीच ट्रम्प प्रशासन ने अस्थायी रूप से ईरानी तेल की 30 दिनों तक सीमित बिक्री की अनुमति दी है. इसके तहत समुद्र में पहले से लदे ईरानी तेल को वैश्विक बाजार में बेचने की इजाजत दी गई है. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
09:56:44 AM
ईरान ने डिएगो गार्सिया स्थित US-UK बेस की तरफ दागीं मिसाइलें
मिडिल-ईस्ट युद्ध को लेकर एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने हाल ही में हिंद महासागर में डिएगो गार्सिया स्थित US-UK सैन्य अड्डे की ओर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं. यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
09:49:57 AM
ईरान में सरकारी ठिकानों पर हमले- इजरायल
इजरायली सेना ने कहा कि शनिवार तड़के उसने तेहरान में सरकारी ठिकानों पर हमले किए. इससे पहले, इजरायल पर ईरान की ओर से कई बार मिसाइलें दागे जाने की खबरें आई थीं.
09:17:36 AM
वीडियो में बगदाद स्थित अमेरिकी अड्डे पर लगी भीषण आग
09:16:55 AM
"मिस्टर स्टारमर ब्रिटिश लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं"- ईरान
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने यूनाइटेड किंगडम को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर चल रहे संघर्ष में ब्रिटेन शामिल होता है और यह संघर्ष और बढ़ता है, तो तेहरान इसका जवाब देगा.
09:16:16 AM
सऊदी अरब ने रोके 10 ड्रोन
सऊदी अरब ने देश के पूर्वी हिस्से में 10 ड्रोन रोके. रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा है कि वह ईरान लगातार खाड़ी देशों पर हमले कर रहा है. इसके साथ ही एक पोस्ट में बताया कि उसने पूर्वी क्षेत्र में 10 ड्रोन रोके गए और नष्ट कर दिए गए.