menu-icon
India Daily

LIVE Delhi Red Fort blast updates: लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर ब्लास्ट में अबतक 8 की मौत, अमित शाह ने घटनास्थल जाकर लिया जायजा

लाल किले के पास हुए विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं. दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. लगभग सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है.

Gyanendra Sharma
Delhi Red Fort blast updates: लाल किला मेट्रो स्टेशन के बाहर ब्लास्ट में अबतक 8 की मौत, अमित शाह ने घटनास्थल जाकर लिया जायजा
Courtesy: X-Social Media

दिल्ली में लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका हुआ है. ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत हो गई है और 24 लोग घायल हैं. गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि एक i-20 कार के पिछले हिस्से में धमाका हुआ है. लगभग सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है.  घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया है. फॉरेंसिक टीम पहुंच गई है. आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. वहीं NIA और NSG की टीम भी घटनास्थल पहुंच गई हैं. 
 


 

11:01:34 PM

दिल्ली धमाके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक

दिल्ली में हुए धमाके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है.
 

10:57:12 PM

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-दिल्लीवासी अफवाहों से बचें

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाल किले के पास हुए विस्फोट को "बेहद दुखद और चिंताजनक" बताया. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "इस दुखद हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों. दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें घटना की जांच के लिए मिलकर काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रभावितों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. मैं सभी दिल्लीवासियों से अपील करता हूं कि वे अफ़वाहों से बचें और शांति बनाए रखें. कृपया पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें."

 

10:43:25 PM

धमाके वाले कार के मालिक को पुलिस ने हिरासत में लिया

लाल किले के पास जिस कार में धमाका हुआ उसके कार मालिक सलमान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
 

10:42:21 PM

गृह मंत्रालय के सभी अधिकारी कल सुबह बैठक करेंगे: गृह मंत्री शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि गृह मंत्रालय के सभी अधिकारी कल सुबह एक बैठक करेंगे. शाह फिलहाल विस्फोट स्थल पर हैं. इससे पहले उन्होंने लोक नायक अस्पताल (एलएनजेपी) का दौरा किया, जहां सभी घायलों को ले जाया गया है.
 

10:24:48 PM

अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा- अमित शाह

दिल्ली में हुए धमाके पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने धमाके की जानकारी मिलते ही उन्हें फोन किया. अमित शाह ने कहा कि जांच जारी है और विस्फोट का कारण जल्द पता चल जाएगा. वह खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं. गृह मंत्रालय में कल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक होगी.

10:22:08 PM

जान-माल की हानि से व्यथित हूं- नड्डा बोले

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस धमाके को लेकर कहा, 'नई दिल्ली में हुए दुखद कार विस्फोट में हुई जान-माल की हानि से व्यथित हूं. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. 

10:08:53 PM

घटनास्थल पर पहुंची NSG

लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए धमाके के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीम मौके पर पहुंच गई है.

10:05:16 PM

चुनावी राज्य बिहार में हाई अलर्ट

दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में हुए विस्फोट के बाद बिहार में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है, डीजीपी विनय कुमार ने बताया. बिहार में कल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान होगा. बिहार के अलावा, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है.

10:04:38 PM

विस्फोट के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट

दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम हुए विस्फोट के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने विस्फोट को "बेहद दुखद" बताया है. उन्होंने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को राज्य की सीमाओं पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए. उन्होंने संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने के निर्देश दिए.

09:54:58 PM

NIA के अफसर घटनास्थल पर पहुंचे

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे.

09:48:58 PM

पीएम मोदी ने गृह मंत्री शाह के साथ स्थिति की समीक्षा की, मौतों पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य अधिकारियों के साथ विस्फोट के बाद की स्थिति की समीक्षा की. प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदना है. घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावित लोगों की मदद अधिकारी कर रहे हैं."
 

09:41:42 PM

घायलों से मिले अमित शाह

अमित शाह LNJP अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. उन्होंने घायलों का हालचाल जाना.

09:27:23 PM

सभी पहलुओं की जांच की जा रही है: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) लाल किला विस्फोट की जांच कर रही है. इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और अधिकारी विस्फोट के कारणों का पता लगाने और अपराधियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित कोणों से जांच कर रहे हैं.
 

09:23:43 PM

दिल्ली मेट्रो, सरकारी इमारतें, IGI एयरपोर्ट हाई अलर्ट पर

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सोमवार को कहा कि दिल्ली मेट्रो, सरकारी इमारतों, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सीआईएसएफ की सुरक्षा वाले ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सीआईएसएफ ने कहा, "स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है और कर्मी तैयार हैं."


 

09:23:08 PM

यूपी के अयोध्या समेत कई शहरों में हाई अलर्ट 

दिल्ली में लाल किले के पास एक वाहन में हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. इसमें अयोध्या और नोएडा जैसे शहर भी शामिल हैं, जहां पुलिस भीड़-भाड़ वाले इलाकों में वाहन चालकों की जांच कर रही है और गश्त बढ़ा दी है.

09:21:39 PM

दिल्ली में ब्लास्ट के बाद नोएडा में अलर्ट

दिल्ली में ब्लास्ट के बादनोएडा में एंट्री कर रही बसों की चेकिंग की जा रही है.
 

09:17:06 PM

अरविंद केजरीवाल ने विस्फोट को 'बेहद खतरनाक' बताया

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लाल किले के पास एक वाहन में हुए विस्फोट को "बेहद चिंताजनक" बताया है. केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "लाल किले के पास हुए विस्फोट की खबर बेहद चिंताजनक है. खबर है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, जो बेहद दुखद है."


 

09:16:32 PM

 यूपी, राजस्थान, महाराष्ट्र में हाई अलर्ट

दिल्ली में लाल किले के पास एक वाहन में हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र सहित कुछ राज्यों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. इसके अलावा सभी रेलवे स्टेशनों को एहतियातन अलर्ट पर रखा गया है, जबकि दिल्ली का चांदनी चौक बाजार कल बंद रहेगा. 

09:14:40 PM

पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने दी जानकारी

नई दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि आज शाम लगभग 6:52 बजे एक धीमी गति से चल रहे वाहन में विस्फोट हुआ, जो रेड लाइट की ओर जा रहा था. वाहन में यात्री सवार थे और इसके साथ अन्य वाहन भी प्रभावित हुए. सभी एजेंसियां-दिल्ली पुलिस, एफएसएल, एनआईए, एनएसजी की टीमें मौके पर पहुंची हैं. स्थिति का जायजा ले रही हैं. जांच जारी है. आपको समय-समय पर अपडेट दिया जाएगा.


 

09:12:36 PM

क्या बोलीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी?

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दिल्ली ब्लास्ट पर दुख जताया है. उन्होंने कहा,दिल्ली में हुए धमाके में कई लोगों की मौत और कई के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.


 

09:10:33 PM

पुलिस की हिरासत में एक संदिग्ध

 एक संदिग्ध पुलिस की हिरासत में है. अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है. हर एंगल पर जांच जारी है. पकड़े गए संदिग्ध से पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि इस ब्लास्ट के पीछे एक बड़ा मॉड्यूल है, जो दिल्ली में काफी समय से एक्टिव था.

09:10:03 PM

पीएम मोदी ने अमित शाह से की बात

प्रधानमंत्री ने दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया है. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बात की और स्थिति की जानकारी ली.

09:09:34 PM

कार के अंदर लोग मौजूद थे- पुलिस

दिल्ली पुलिस ने बताया कि चलती कार में हादसा हुआ है. जिस कार में धमाका हुआ उसकी रफ्तार बहुत कम थी. कार के अंदर लोग मौजूद थे.