अक्सर लोग मान लेते हैं कि महिलाएं सिर्फ अच्छे लुक्स या पैसे वाले पुरुषों की तरफ आकर्षित होती हैं. लेकिन सच्चाई इससे कहीं ज्यादा अलग है. किसी भी रिश्ते में शुरुआती आकर्षण भले बाहरी चीजों से शुरू हो जाए लेकिन लंबे समय तक किसी को खास बनाने का काम उसका व्यक्तित्व करता है. आज के समय में महिलाएं ऐसे पुरुषों को ज्यादा पसंद करती हैं जिनमें आत्मविश्वास हो, जो सम्मान देना जानते हों और जिनका व्यवहार सहज और सच्चा हो.
पहली नजर में सबसे पहले किसी व्यक्ति की बॉडी लैंग्वेज ध्यान खींचती है. वह कैसे खड़ा होता है, कैसे चलता है और लोगों से कैसे मिलता है यह सब बहुत मायने रखता है. एक आत्मविश्वासी लेकिन शांत व्यक्तित्व हमेशा अच्छा प्रभाव छोड़ता है. वहीं जरूरत से ज्यादा दिखावा तुरंत नकारात्मक असर डाल सकता है.
एक सच्ची और हल्की मुस्कान किसी भी इंसान को तुरंत आकर्षक बना सकती है. मुस्कुराने वाला व्यक्ति ज्यादा दोस्ताना और भरोसेमंद लगता है. महिलाएं अक्सर उन लोगों की तरफ जल्दी आकर्षित होती हैं जिनके चेहरे पर अपनापन दिखाई देता है.
इसके अलावा आई कॉन्टैक्ट यानी नजर मिलाकर बात करना भी बहुत अहम माना जाता है. आंखों में आत्मविश्वास और सम्मान साफ दिखाई देता है. जो पुरुष बात करते समय ध्यान से सुनते हैं और नजरें चुराने की बजाय सहज तरीके से बातचीत करते हैं, वे ज्यादा प्रभाव छोड़ते हैं.
अच्छे कपड़े पहनना सिर्फ फैशन नहीं बल्कि खुद के लिए जागरूक होने का संकेत भी माना जाता है. महिलाएं उन पुरुषों को नोटिस करती हैं जो साफ सुथरे रहते हैं, अपनी ग्रूमिंग का ध्यान रखते हैं और अपनी एक अलग स्टाइल रखते हैं. इसका मतलब महंगे कपड़े नहीं बल्कि सलीकेदार व्यक्तित्व होता है.
इसके साथ ही सिर्फ क्या बोलते हैं यह नहीं बल्कि कैसे बोलते हैं यह ज्यादा मायने रखता है. धीरे और सम्मान के साथ बात करने वाले लोग ज्यादा आकर्षक लगते हैं. वहीं गुस्से में ऊंची आवाज में बोलना या दूसरों को नीचा दिखाने वाला व्यवहार तुरंत दूरी पैदा कर देता है.
हंसने और दूसरों को हंसाने की कला भी बहुत बड़ी खूबी मानी जाती है. जिन लोगों का सेंस ऑफ ह्यूमर अच्छा होता है उनके साथ समय बिताना आसान और हल्का महसूस होता है. महिलाएं ऐसे पुरुषों को ज्यादा पसंद करती हैं जो तनाव के माहौल को भी हल्का बना सकें. इसके अलावा आत्मविश्वास हमेशा आकर्षक लगता है लेकिन घमंड नहीं. एक ऐसा पुरुष जो खुद को समझता हो, अपनी कमजोरियों को स्वीकार करता हो और बिना दिखावे के सहज बना रहता हो, वह ज्यादा प्रभावशाली लगता है.
महिलाएं अक्सर इस बात पर ध्यान देती हैं कि कोई पुरुष दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करता है. वह वेटर, ड्राइवर, दोस्तों या अजनबियों से कैसे बात करता है इससे उसके असली स्वभाव का अंदाजा लगाया जाता है. सम्मानजनक और विनम्र व्यवहार हमेशा सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है.