'...तब तक स्टारबक्स की कॉफी नहीं पीऊंगा', न्यूयॉर्क के मेयर-इलेक्ट जोहरान ममदानी ने क्यों किया ये ऐलान, लोगों से भी की बहिष्कार की अपील

न्यूयॉर्क के मेयर-इलेक्ट जोहरान ममदानी ने पूरे अमेरिका में यूनियन बरिस्ता हड़ताल के समर्थन में स्टारबक्स के बहिष्कार की अपील की है. वे कहते हैं, जब तक अनुबंध नहीं, तब तक कॉफी नहीं.

Zohran Mamdani india daily
Sagar Bhardwaj

अमेरिका में मशहूर कॉफी चेन स्टारबक्स एक बार फिर विवादों के केंद्र में है. यूनियनकृत बरिस्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच न्यूयॉर्क सिटी के मेयर-इलेक्ट जोहरान ममदानी ने लोगों से स्टारबक्स का बहिष्कार करने की अपील की है.

यह हड़ताल यूनियन द्वारा कंपनी पर लगाए गए अनुचित श्रम प्रथाओं के आरोपों को लेकर शुरू हुई है. ममदानी का कहना है कि जब तक कर्मचारियों को न्यायपूर्ण अनुबंध नहीं मिलता, वे खुद भी स्टारबक्स से दूरी बनाए रखेंगे.

'No Contract, No Coffee'

मेयर-इलेक्ट जोहरान ममतानी ने सोशल मीडिया के जरिए समर्थकों से स्टारबक्स न खरीदने की अपील की. उनका कहना है कि देशभर में हजारों कर्मचारी उचित अनुबंध की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने लिखा कि यूनियन बरिस्ता जब तक हड़ताल पर हैं, वे खुद भी स्टारबक्स नहीं खरीदेंगे और जनता से भी यही उम्मीद करते हैं. ममतानी मानते हैं कि एकजुट होकर दिया गया संदेश कंपनी को मजबूती से सुना सकता है.

क्या है रेड कप रिबैलियन

बता दें कि Starbucks Workers United ने “Red Cup Rebellion” नाम से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है. खास बात यह है कि यह हड़ताल कंपनी के सबसे व्यस्त “रेड कप डे” के साथ शुरू हुई, जब हजारों ग्राहक फ्री कप पाने के लिए स्टोर्स पर पहुंचते हैं. 25 से ज्यादा शहरों में कर्मचारियों ने काम छोड़कर हड़ताल में हिस्सा लिया और सोशल मीडिया पर #NoContractNoCoffee अभियान चलाया.

यूनियन का आरोप: बातचीत से बच रही कंपनी

Starbucks Workers United, जो करीब 9,000 बरिस्ताओं का प्रतिनिधित्व करती है, का कहना है कि कंपनी बातचीत से बच रही है और न तो निष्पक्ष अनुबंध दे रही है और न ही उनकी चिंताओं को समझ रही है. यूनियन ने नेशनल लेबर रिलेशन बोर्ड में 1,000 से ज्यादा शिकायतें दर्ज कराने का दावा किया है. यूनियन चेतावनी दे चुकी है कि यदि बातचीत आगे नहीं बढ़ी, तो हड़ताल और बड़ी हो सकती है.

कर्मचारियों की मांगे उचित नहीं

स्टारबक्स ने यूनियन के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों को औसतन 19 डॉलर प्रति घंटा और लाभों के साथ 30 डॉलर से ज्यादा का पैकेज देते हैं. कंपनी का कहना है कि यूनियन की कुछ मांगें व्यावहारिक नहीं हैं, इसलिए बातचीत में बाधा आ रही है. स्टारबक्स का तर्क है कि वह पहले से ही प्रतिस्पर्धी लाभ देने वाली कंपनियों में शामिल है.

पिछली हड़ताल में बंद हो गए थे 60 स्टोर

यह 2023 के बाद यूनियन की चौथी और 2024 में नए सीईओ ब्रायन निकोल के आने के बाद तीसरी हड़ताल है. पिछली “रेड कप डे” हड़ताल में करीब 60 स्टोर बंद करने पड़े थे. हाल ही में कंपनी पर कम सूचना देकर सैकड़ों स्टोर बंद करने का आरोप भी लगा है, जिनमें 59 यूनियनकृत स्टोर शामिल बताए जाते हैं. इससे कर्मचारियों में नाराज़गी और बढ़ी है और यूनियन को यह हड़ताल तेज करने का आधार मिला है.