menu-icon
India Daily

Mohammed Sinwar Death: कौन था मोहम्मद सिनवार? इजरायल ने 3 महीने पहले किया मारने का दावा, हमास ने अब कबूला सच

हमास ने गाजा के सैन्य प्रमुख मोहम्मद सिनवार की मौत की पुष्टि कर दी है. मई 2025 में इजराइल ने दावा किया था कि उसने दक्षिणी गाजा में एक भूमिगत ठिकाने पर हमले में सिनवार को मार गिराया. याह्या सिनवार का छोटा भाई मोहम्मद सिनवार 2006 में गिलाद शलीत के अपहरण और कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Mohammed Sinwar Death: कौन था मोहम्मद सिनवार? इजरायल ने 3 महीने पहले किया मारने का दावा, हमास ने अब कबूला सच
Courtesy: Social Media

Mohammed Sinwar Death: गाजा सैन्य प्रमुख मोहम्मद सिनवार की फिलिस्तीनी उग्रवादी संगठन हमास ने मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है. यह घोषणा महीनों बाद आई है जब मई 2025 में इजराइल ने दावा किया था कि उसने एक हवाई हमले में सिनवार को मार गिराया है. हमास ने बयान में मौत के कारणों का विवरण नहीं दिया लेकिन उसकी तस्वीरें अन्य मारे गए नेताओं के साथ जारी कर उन्हें शहीद बताया.

हमास के गाजा प्रमुख रहे याह्या सिनवार के मोहम्मद सिनवार छोटा भाई था. याह्या सिनवार की 2024 में इजराइली अभियान के दौरान मौत हो गई थी. मोहम्मद सिनवार जुलाई 2024 से इज्ज अल-दीन अल-कस्साम ब्रिगेड्स के सातवें कमांडर बना था. इजराइली खुफिया एजेंसियां उसे 'शैडो' कहती थीं क्योंकि उसके बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध थी और वे हमेशा पर्दे के पीछे रहकर काम करता था.

सुर्खियों में आया सिनवार का नाम

सिनवार का नाम 2006 में उस समय सुर्खियों में आया जब उसने इजराइली सैनिक गिलाद शलीत के अपहरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. शलीत को पांच साल तक बंदी बनाकर रखा गया और 2011 में कैदियों की अदला-बदली के दौरान रिहा किया गया, जिसमें याह्या सिनवार को भी जेल से रिहा किया गया था.

सिनवार पर हुए जानलेवा हमले

मोहम्मद सिनवार पर इजराइल ने कई बार जानलेवा हमले किए. पहली कोशिश 2000 में दूसरी इंतिफादा के दौरान हुई. इसके बाद 2006 के बाद 2008 में भी उसे निशाना बनाया गया. 2014 गाजा युद्ध के दौरान हमास ने उसकी झूठी मौत की खबर फैलाई, जिससे वे लंबे समय तक इजराइल की नजरों से बचा रहा लेकिन उस पर और उसके भाई याह्या सिनवार पर 2019 और 2021 में फिर हमले हुए. आखिर में मई 2025 में दक्षिणी गाजा में एक भूमिगत ठिकाने पर किए गए इजराइली हमले में मोहम्मद सिनवार मारा गया.

निकास बिंदुओं को बनाया निशाना 

इजराइल डिफेंस फोर्स यानी IDF और शिन बेट ने इस हमले के लिए बंकर-तोड़ बमों का इस्तेमाल किया और यूरोपियन अस्पताल के नीचे बने भूमिगत परिसर के सभी निकास बिंदुओं को निशाना बनाया. इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने तब दुनिया के सामने घोषणा की थी कि मोहम्मद सिनवार मारा जा चुका हैं. उन्होंने कहा था कि हमास को पूरी तरह पराजित करने की योजना के तहत इसके शीर्ष नेतृत्व को खत्म किया जा रहा है. अब हमास की पुष्टि के बाद मोहम्मद सिनवार की मौत को लेकर सभी अटकलें खत्म हो गई हैं. उसकी जगह अब उत्तरी गाजा संचालन के प्रभारी इज्ज अल-दीन हद्दाद हमास की सशस्त्र शाखा का नेतृत्व करेगा.