T20 World Cup 2026

न्यूड तस्वीरें देखते हुए चला रहा था ट्रक, कार को मारी टक्कर, वीडियो में देखें कैसे पोर्न की लत ने ली शख्स की जान

ब्रिटेन में एक ट्रक ड्राइवर को 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है. यह सजा उसे उस सड़क हादसे के लिए मिली जिसमें उसने गाड़ी चलाते समय सोशल मीडिया और अश्लील तस्वीरें देखते हुए एक व्यक्ति की जान ले ली थी. हादसे में पीड़ित की कार जलकर राख हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

social media
Kuldeep Sharma

ब्रिटेन के लंकाशायर में 43 वर्षीय ट्रक ड्राइवर नील प्लेट ने अपनी लापरवाही और फोन की लत के चलते 46 वर्षीय डेनियल ऐटचिसन की जान ले ली. कोर्ट में सुनवाई के दौरान सामने आया कि प्लेट ड्राइविंग के दौरान लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स स्क्रॉल कर रहा था और हादसे से ठीक पहले उसके फोन स्क्रीन पर अश्लील तस्वीरें दिखाई दे रही थीं.

यह घटना 17 मई 2024 को एम58 हाईवे पर हुई थी. डेनियल ऐटचिसन अपनी हुंडई कोना कार से यात्रा कर रहे थे और फोन पर पत्नी के साथ बातचीत कर रहे थे. तभी पीछे से आ रहे नील प्लेट के ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऐटचिसन की कार सामने खड़े एक टैंकर से जा टकराई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई. हादसे में डेनियल की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस की तस्वीरों में दिखा कि प्लेट हादसे के तुरंत बाद अपने ट्रक में सिर पकड़कर बैठा हुआ था.

कोर्ट की सख्त टिप्पणी

प्रेस्टन क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान जज इयान अनस्वर्थ ने प्लेट को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने कहा, 'आपका रवैया बेहद लापरवाह और स्वार्थी था. आपने सड़क के नियमों की पूरी तरह अनदेखी की और फोन पर व्यस्त रहे. आप सड़क पर चलती-फिरती एक दुर्घटना थे.' प्लेट ने अदालत में स्वीकार किया कि वह ‘डेथ बाय डेंजरस ड्राइविंग’ का दोषी है.

सबूत और सजा

जांच में डैशकैम फुटेज और फोन डेटा से साफ हुआ कि प्लेट लगातार एक्स, व्हाट्सऐप, यूट्यूब और टिकटॉक पर एक्टिव था और बीच-बीच में सिर्फ कुछ सेकंड के लिए सड़क पर नजर डालता था. हादसे से ठीक पहले उसके फोन पर न्यूड तस्वीरें दिखाई दी थीं. कोर्ट ने उसे 10 साल कैद की सजा सुनाई और 7 साल के लिए ड्राइविंग पर प्रतिबंध लगा दिया. प्लेट अपनी सजा का दो-तिहाई हिस्सा जेल में काटेगा.

परिवार का दर्द

हादसे में जान गंवाने वाले डेनियल ऐटचिसन की पत्नी ने अदालत में कहा, 'वह बस घर लौट रहा था, मेरे और बच्चों के पास. हमारे हीरो अब हमारे बीच नहीं हैं. बच्चों को यह खबर देना मेरी जिंदगी का सबसे मुश्किल काम था.' उनकी 17 वर्षीय बेटी ने कहा, 'मेरे पापा परिवार के लिए जीने वाले और जिंदगी से प्यार करने वाले इंसान थे. शायद आपका इरादा उन्हें मारने का नहीं था, लेकिन आपको पता था कि आपकी लापरवाही किसी की जान ले सकती है.'