नई दिल्ली: ब्रिटेन में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व प्रेमिका से बदला लेने के लिए ऐसी साजिश रची जिसने सभी को हिला दिया. आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी डेटिंग प्रोफाइल बनाकर अनजान पुरुषों को उसके घर भेज दिया और उन्हें यह विश्वास दिलाया कि महिला ने उन्हें बुलाया है.
इस खतरनाक हरकत के बाद कुल 18 पुरुष महिला के घर पहुंच गए. रिपोर्ट के अनुसार 36 वर्षीय आसद हुसैन को चेस्टर क्राउन कोर्ट में नौ दिन चली सुनवाई के बाद स्टॉकिंग का दोषी पाया गया है. उसे जून में सजा सुनाई जाएगी. आरोपी ग्रेटर मैनचेस्टर के चीड़ल इलाके का रहने वाला है.
कोर्ट में बताया गया कि अप्रैल 2024 में आरोपी ने मिक रैनी नाम की फर्जी पहचान बनाकर महिला से संपर्क किया था. शुरुआत में दोनों के बीच रिश्ता बना लेकिन धीरे-धीरे आरोपी का व्यवहार बेहद कंट्रोल करने वाला हो गया.
एक घटना में आरोपी ने महिला के घर की घंटी लगातार दो घंटे तक बजाई क्योंकि उस समय महिला के घर पर उसका एक पुरुष दोस्त मौजूद था. मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
मई 2024 में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया. इसके बाद आरोपी ने महिला के दोस्तों और उसकी बेटी से संपर्क कर उसके चरित्र पर सवाल उठाए. जब वह दोबारा रिश्ता नहीं बना पाया तो उसने बदला लेने की खतरनाक योजना बनाई.
आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी टिंडर प्रोफाइल बनाई और उसमें हिंसक संदेश लिखे. इन संदेशों में पुरुषों को महिला के घर आने के लिए उकसाया गया. इसके बाद कम से कम 18 पुरुष उसके घर पहुंच गए.
एक रात में ही चार पुरुष उसके घर पहुंचे. एक व्यक्ति ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की. एक अन्य व्यक्ति महिला के घर के अंदर घुस गया, जबकि उसकी बेटी ऊपर मौजूद थी.
चेशायर पुलिस के पीसी कीथ टेरिल ने कहा कि आरोपी ने महिला की जिंदगी में डर और आतंक फैलाने की कोशिश की. जांच में पता चला कि आरोपी ने कई फोन इस्तेमाल किए और अपनी पहचान छिपाने के लिए कार नंबर प्लेट भी बदली.