America tsunami: अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, ओरेगन सीमा के पास तटीय हम्बोल्ट काउंटी के पास 7.0 तीव्रता का तेज भूकंप का झटका महसूस किया गया. स्थानीय समय के मुताबिक, यह भूकंप फर्नडेल के पश्चिम में सुबह 10:44 बजे आया. जिसके बाद खतरनाक सुनामी की चेतावनी जारी की गई है. भूकंप के झटके इतने तेज थे कि फर्नडेल से सैन फ्रांसिस्को तक महसूस किए गए.
अमेरिका में खतरनाक भूकंप आने का वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने सुनामी से बड़े स्तर पर जानमाल के नुकसान होने की बात कही है. साथ ही कहा कि अभी और भी भूकंप के झटके आ सकते हैं. भूकंप के ये झटके उत्तरी कैलिफोर्निया में गुरुवार को महसूस किए गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिकों ने भूकंप का मूल स्थान फर्नडेल बताया है. भूकंप इतना जोरदार था कि इसका असर दक्षिण में सैन फ्रांसिस्को तक महसूस किया गया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने कई सेकंड तक एक रोलिंग गति महसूस की, इसके बाद छोटे-छोटे झटके भी आए.
50 लाख से अधिक लोगों पर खतरा
सैन फ्रांसिस्को बे एरिया रैपिड ट्रांजिट डिस्ट्रिक्ट, जिसे BART के नाम से जाना जाता है, ने सैन फ्रांसिस्को और ओकलैंड के बीच पानी के नीचे स्थित सुरंग से सभी दिशाओं में यातायात रोक दिया है. अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने यलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा कि 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद कैलिफोर्निया में कम से कम 5.3 मिलियन लोग सुनामी की चपेट में आ सकते हैं. इसमें बड़े स्तर पर लोगों को नुकसान हो सकता है. यूएसजीएस का अनुमान है कि इन भूकंप के झटकों को 1.3 मिलियन से अधिक लोगों ने महसूस किया होगा.
समुद्र तट छोड़ने की चेतावनी
सांता क्रूज क्षेत्र में राष्ट्रीय मौसम सेवा की ओर से सुनामी की चेतावनी के साथ फ़ोन बज रहे थे जिसमें कहा गया था कि "शक्तिशाली लहरों और तेज़ धाराओं की एक श्रृंखला आपके नज़दीकी तटों को प्रभावित कर सकती है. आप ख़तरे में हैं. तटीय जल से दूर चले जाएं. अभी ऊंची ज़मीन या अंतर्देशीय क्षेत्र में चले जाएं. जब तक स्थानीय अधिकारी वापस लौटने के लिए सुरक्षित न कहें, तब तक तट से दूर रहें."
बता दें कि हाल ही में भारत के तेलंगाना प्रांत में खतरनाक भूकंप आया था, फिलहाल इस भूकंप से बड़े स्तर पर कोई नुकसान होने की खबर नहीं है. लेकिन भारत में कई ऐसे भूकंप आ चुके हैं, जिसमें बड़े स्तर पर लोगों की मौत हुई है.