menu-icon
India Daily

'मेरे अनुरोध पर ईरान ने 8 महिला प्रदर्शनकारियों की फांसी रोक दी', ट्रंप ने किया बड़ा दावा

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने उनके अनुरोध पर आठ महिला प्रदर्शनकारियों की फांसी रोक दी है. चार महिलाओं को तुरंत रिहा करने और बाकी चार को एक महीने की सजा देने का फैसला हुआ है. ईरान ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. 

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'मेरे अनुरोध पर ईरान ने 8 महिला प्रदर्शनकारियों की फांसी रोक दी', ट्रंप ने किया बड़ा दावा
Courtesy: ani

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में तनाव के बीच एक नई और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनके अनुरोध पर ईरान ने आठ महिला प्रदर्शनकारियों की फांसी रोक दी है. ट्रंप ने इसे 'बहुत अच्छी खबर' बताया, लेकिन तेहरान की ओर से अभी तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान ने उनके अपील करने पर आठ महिला प्रदर्शनकारियों की मौत की सजा रोक दी है. उन्होंने इसे बहुत अच्छी खबर करार दिया और ईरान के नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया. ट्रंप के अनुसार चार महिलाओं को तुरंत रिहा कर दिया जाएगा जबकि बाकी चार को फांसी के बजाय एक महीने की जेल होगी.

ईरान की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं

ट्रंप के इस दावे के बावजूद ईरान की सरकार या अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है. अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक और मानवाधिकार संगठन इस मामले पर नजर रखे हुए हैं. कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह फैसला वाकई ट्रंप की अपील के कारण लिया गया या फिर ईरान के अंदरूनी या कूटनीतिक कारणों से.

मानवाधिकार संगठनों की नजर

ईरान पहले भी महिला प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना झेल चुका है. इस घटनाक्रम से मानवाधिकार संगठन सतर्क हो गए हैं. वे इस बात की पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या आठों महिलाओं की सजा वाकई स्थगित कर दी गई है और उनकी स्थिति क्या है.

ईरान ने ट्रंप के बयान को खारिज किया

इससे पहले बुधवार को ईरान ने ट्रंप के उस बयान को सिरे से खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने ईरानी नेतृत्व को 'गंभीर रूप से विभाजित' बताया था. ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के संचार उप प्रमुख सैयद मेहदी तबाताबई ने कहा कि नेतृत्व में फूट डालने की कोशिश दुश्मन की राजनीतिक और प्रचार खेल है. उन्होंने देश में एकता पर जोर दिया. 

मध्य पूर्व में तनाव के बीच नई उम्मीद?

ट्रंप के इस दावे ने वैश्विक ध्यान खींचा है. हालांकि ईरान की चुप्पी के कारण स्थिति अभी अनिश्चित बनी हुई है. यदि दावा सही साबित होता है तो इसे दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की दिशा में एक छोटा सकारात्मक कदम माना जा सकता है, लेकिन फिलहाल सब कुछ अनिश्चितता के घेरे में है.