अमेरिका और ईरान के बीच स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है. हालांकि सीजफायर को बढ़ाने का फैसला लिया गया है, इसके बावजूद ईरानी नागरिक सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर लगातार व्यंग्य कर रहे हैं. इस बार यह तंज एआई जनरेटेड वीडियो के रूप में हुआ है, जिसमें ट्रंप को इंतजार करते और निराश दिखाया गया है.
हैदराबाद स्थित ईरानी दूतावास ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया, जिसे ईरान में तेजी से वायरल हो रहा है. 45 सेकंड लंबे इस एआई वीडियो में ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वांस और अन्य अमेरिकी अधिकारियों को बातचीत की मेज पर बैठे दिखाया गया है.
इस वीडियो में अमेरिका ईरानी टीम का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कुर्सियां खाली हैं. वीडियो में ट्रंप का कार्टून कहता है कि हम ईरान के साथ बहुत अच्छी बातचीत कर रहे हैं. इसके बाद स्पॉन्जबॉब स्क्वेयरपैंट्स का प्रसिद्ध 2,000 साल बाद वाला मीम टेम्प्लेट इस्तेमाल किया गया है.
ट्रंप का एआई अवतार गुस्से में कहता है कि अगर ईरान बातचीत के लिए नहीं आता है, तो हम उन पर बम गिरा देंगे. कुछ देर बाद वह खाली कमरे से पूछता है कि ईरानी कहां हैं? तभी एक सहायक उन्हें एक नोट थमाता है, जिसमें लिखा है कि चुप रहो, ट्रंप. वीडियो के अंत में ट्रंप हंसते हुए कहते हैं कि ठीक है, तो मैं पाकिस्तान के कहने पर सीजफायर को आगे बढ़ा दूंगा. फिर वे कमरे से बाहर चले जाते हैं.
How was the ceasefire extended?
— Iran In Hyderabad (@IraninHyderabad) April 22, 2026
The video is getting viral in Iran. pic.twitter.com/UCldpWjZMO
ईरानी दूतावास ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सीजफायर कैसे बढ़ाया गया? यह वीडियो ईरान में वायरल हो रहा है. यह वीडियो ईरान-अमेरिका तनाव के दौरान प्रचार युद्ध का नया रूप दिखाता है, जहां एआई टूल्स का इस्तेमाल व्यंग्य और आलोचना के लिए हो रहा है. वास्तविक घटनाक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की अनुरोध पर सीजफायर बढ़ा दिया है. ट्रंप ने लिखा कि ईरान के नेतृत्व को एकजुट प्रस्ताव तैयार करने के लिए समय दिया जा रहा है. उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी सेना ईरानी बंदरगाहों पर ब्लॉकेड जारी रखेगी और पूरी तरह तैयार रहेगी