अदालत में पेश हुआ डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने वाला हमलावर, लगे ये तीन गंभीर आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने वाले आरोपी को सोमवार को अदाल में पेश किया गया.इस दौरान उसपर तीन गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमला करने वाले हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टॉरेंस शहर में रहने वाले 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में की गई है. एलन ने शनिवार रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन के वार्षिक डिनर के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की कोशिश की.
एलन को घटना के दौरान ही पकड़ लिया गया, जिसके बाद सोमवार को वाशिंगटन की एक संघीय अदालत में पेश किया गया. इस दौरान उनपर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश, हिंसक अपराध के दौरान आग्नेयास्त्र का उपयोग और अंतर-राज्यीय व्यापार में आग्नेयास्त्र तथा गोला-बारूद के परिवहन के आरोप लगाए गए. अगर इन तीनों आरोपों में एलन दोषी साबित होता है तो उसे आजीवन कारावास की सजा हो सकती है.
अदालत में क्या बोला एलन?
अदालत में एलन ने कोई दलील नहीं दी. उसके बचाव का प्रतिनिधित्व संघीय बचाव कार्यालय के वकीलों ने किया, जबकि अभियोजन पक्ष की ओर से दो सहायक सरकारी वकीलों ने पेशी की. अभियोजकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि एलन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या का प्रयास किया. लेकिन एलन का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और फिलहाल उसे निर्दोष माना जा रहा है.
वाशिंगटन हिल्टन होटल में शनिवार की शाम आयोजित इस डिनर में राष्ट्रपति ट्रंप सहित उनकी प्रशासन के कई अधिकारी और मीडिया जगत के प्रमुख चेहरे मौजूद थे. एलन होटल में एक सामान्य मेहमान के रूप में चेक-इन किया था. उसने कैलिफोर्निया से ट्रेन द्वारा शिकागो होते हुए वाशिंगटन का सफर पूरा किया था. इसके बाद उसने होटल में फायरिंग करके हंगामा मचा दिया.
उसके घोषणापत्र के आधार पर कार्रवाई शुरू
अभियोजकों ने अदालत में एलन के मकसद का पूरा खुलासा नहीं किया, लेकिन जांचकर्ताओं के अनुसार हमले से ठीक पहले उसने अपने परिवार के सदस्यों को एक घोषणापत्र भेजा था. इसमें उसने खुद को फ्रेंडली फेडरल असैसिन बताया था. माना जा रहा है कि इस दस्तावेज और उसके सोशल मीडिया पोस्ट्स में ट्रंप प्रशासन की नीतियों और कार्रवाइयों के प्रति उसकी नाराजगी जाहिर की गई थी.
जांच एजेंसियां इन दस्तावेजों को उसकी मानसिकता और मकसद को समझने के लिए महत्वपूर्ण सबूत मान रही हैं. रिपोर्टों के मुताबिक वह एक शिक्षक, ट्यूटर और शौकिया वीडियो गेम डेवलपर भी रहा है. कुछ खबरों में उसे मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री वाला व्यक्ति भी बताया गया है.