menu-icon
India Daily

यूपी के हमीरपुर में दुखद सड़क हादसा, वैन और ट्रक की भीषण टक्कर; 4 की मौत-3 घायल

हमीरपुर में एक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग बुरी तरह घायल हो गए. यह हादसा नेशनल हाइवे 34 पर हुआ. इस वैन की टक्कर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक से हो गई.

Shilpa Shrivastava
यूपी के हमीरपुर में दुखद सड़क हादसा, वैन और ट्रक की भीषण टक्कर; 4 की मौत-3 घायल
Courtesy: Pinterest

हमीरपुर: यूपी के हमीरपुर जिले में एक दुखद सड़क हादसा हुआ है. नेशनल हाइवे 34 पर बारात में जा रहे चार लोगों की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को मौदहा सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खबर के अनुसार, हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के गांव डामर से कुशवाहा समाज की बारात महोबा जिले के गांव खड्डी पहरा जा रही थी. बारात में शामिल कुछ लोग एक ओमनी वैन में थे. यह वैन हमीरपुर से महोबा की तरफ जा रही थी. 

बता दें कि यह हादसा मौदहा कोतवाली इलाके के नाराइच रोड पर, छिरका के पास हुआ. इस वैन की टक्कर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक से हो गई. यह टक्कर इतनी तेज हुई कि वैन के परखच्चे उड़ गए. वैन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. जिन लोगों की हादसे में मौत हुई है, उनमें उर्दना गांव के मोहन, डामर गांव के कमलेश, तिंदुही गांव के आशीष और एक अन्य व्यक्ति शामिल है. जो लोग घायल हुए हैं, उनमें दिलीप, रोहित और बाबूजी शामिल हैं.

मौके पर पहुंची पुलिस: 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक और सीओ मौदहा सहित पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को मौदहा सीएचसी अस्पताल में भर्ती कर दिया गया.

क्या है पुलिस का कहना: 

हमीरपुर डीएम अभिषेक गोयल ने कहा, "मौदहा में एक ट्रक की इको गाड़ी से टक्कर हो गई और इको में 7 लोग सवार थे सभी हमीरपुर गांव के विभिन्न गांव के थे. सभी लोग महोबा में एक शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे. टक्कर से 4 लोगों की मृत्यु हुई है और 3 लोग घायल हैं जिनको हमने जिला चिकित्सा में रेफर किया है...ट्रक के चालक को हमने गिरफ्तार कर लिया है आवश्यक कार्रवाई की जा रही है."

पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में ले लिया है. शवों में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस बात की जांच चल रही है कि हादसा हुआ कैसे.