उत्तर कोरिया में तानाशाह किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ को उत्तराधिकारी के रूप में नामित करने की प्रक्रिया जोर-शोर से चल रही है. दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (NIS) ने गुरुवार को संसद में एक बंद कमरे में ब्रीफिंग के दौरान यह जानकारी दी.
एजेंसी के अनुसार पहले बताया जाता था कि वह उत्तराधिकारी बनने की ट्रेनिंग ले रही हैं लेकिन अब भाषा में बदलाव आया है जो प्रक्रिया के अधिक ठोस और सुनियोजित होने के संकेत देता है.
सांसद ली सियोंग-क्वेउन ने पत्रकारों को ब्रीफ करते हुए कहा कि किम जू ऐ अपने पिता के साथ विभिन्न सैन्य और अन्य प्रतिकात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए दिखाई दी हैं जैसे कोरियन पीपुल्स आर्मी की स्थापना वर्षगांठ, कुमसुसान पैलेस ऑफ द सन का दौरा और वायु सेना दिवस आदि. साथ ही वह निरीक्षण के दौरान नीतिगत मुद्दों पर भी वह अपने विचार व्यक्त कर रही हैं.
एजेंसी ने किम की सार्वजनिक उपस्थिति, पिता के बगल में बैठने, सरकारी मीडिया कवरेज और व्यवहार को उत्तराधिकारी की तैयारी का प्रमाण बताया है. यही नहीं पिछले दो वर्षों में सरकारी मीडिया ने किम जू ऐ को इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च, सैन्य परेड और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकों में बार-बार कवर किया है.
NIS का मानना है कि किम जू ऐ अब दूसरे उच्च पद पर हैं और नीतिगत मामलों में इनपुट दे रही हैं. एजेंसी इस महीने के अंत में होने वाली वर्कर्स पार्टी कांग्रेस पर नजर रखेगी जहां उनके उत्तराधिकार से संबंधित पार्टी नियमों में कोई संशोधन हो सकता है.
बता दें कि किम जू ऐ की पहली इंटरनेशनल उपस्थिति पिछले साल चीन की यात्रा के दौरान देखी गई थी, जहां वह अपने पिता के साथ बुलेट प्रूफ ट्रेन में बीजिंग पहुंची थीं और एक सैन्य परेड में शामिल हुई थीं.
किम जोंग उन को साल 2011 में उनके पिता किम जोंग इल की मृत्यु से पहले उत्तराधिकारी घोषित किया गया था. किम जोंग उन के दो या तीन बच्चे हो सकते हैं लेकिन प्योंगयांग ने इसकी सार्वजनिक पुष्टि नहीं की है.