menu-icon
India Daily

कनाडा में घर से स्कूल तक मौत का तांडव, 18 वर्षीय युवती ने 8 लोगों की गोली मारकर की हत्या; खुद को भी किया शूट

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के टंबलर रिज में 18 वर्षीय ट्रांस महिला ने पहले घर में मां और सौतेले भाई की हत्या की, फिर अपने पहले के स्कूल में गोलीबारी कर छह लोगों की जान ली और अंत में आत्महत्या कर ली.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कनाडा में घर से स्कूल तक मौत का तांडव, 18 वर्षीय युवती ने 8 लोगों की गोली मारकर की हत्या; खुद को भी किया शूट
Courtesy: social media

नई दिल्ली: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के छोटे से कस्बे टंबलर रिज में हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया है. महज 2,400 आबादी वाले इस शांत समुदाय में 18 वर्षीय ट्रांस महिला जेसी वैन रूटसेलार ने पहले अपने घर में मां और 11 वर्षीय सौतेले भाई की हत्या की. इसके बाद उसने अपने पहले के हाई स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग की. इस घटना में कुल नौ लोगों की मौत हुई, जिनमें हमलावर भी शामिल है.

घर से शुरू हुआ खून का सिलसिला

पुलिस के अनुसार, हमलावर ने सबसे पहले अपनी 39 वर्षीय मां और 11 वर्षीय सौतेले भाई को घर में गोली मारी. परिवार के एक अन्य सदस्य द्वारा पड़ोसियों को सूचना देने पर इस वारदात का खुलासा हुआ. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी और पहले भी पुलिस उसके घर कई बार पहुंच चुकी थी.

पहले के स्कूल पर भी किया हमला

घर की वारदात के बाद वह पास स्थित उसी हाई स्कूल पहुंची, जिसे उसने चार वर्ष पहले छोड़ दिया था. स्कूल के भीतर एक 39 वर्षीय महिला शिक्षिका और पांच छात्रों की गोली लगने से मौत हुई. इनमें तीन 12 वर्षीय लड़कियां और दो छात्र, जिनकी उम्र 12 और 13 वर्ष थी, शामिल हैं. कुछ शव पुस्तकालय में और एक सीढ़ियों के पास मिले.

पुलिस की कार्रवाई और आत्महत्या

पुलिस को पहली कॉल मिलने के दो मिनट के भीतर अधिकारी स्कूल पहुंच गए. पहुंचते ही उन पर भी गोलियां चलाई गईं. बाद में हमलावर स्कूल परिसर में मृत मिली. अधिकारियों ने बताया कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है. मौके से एक लंबी बंदूक और कस्टमाइज पिस्तौल बरामद की गई.

जांच और राष्ट्रीय शोक

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बनाने के प्रमाण नहीं मिले हैं और हमले की मंशा स्पष्ट नहीं हुई है. यह घटना 2020 के बाद कनाडा की सबसे घातक गोलीबारी मानी जा रही है. प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सात दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. स्कूलों को सप्ताह भर के लिए बंद कर दिया गया है.