'हवा में महल बना रहें', ट्रंप की टिप्पणियों पर ईरान का पलटवार; मुफ्त तेल और होर्मुज के दावे को किया खारिज
ईरान के साथ जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई दावे करते नजर आए हैं. हालांकि इसी बीच ईरान ने उनके दावों और टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उनका मजाक बनाया है.
अमेरिका और ईरान के बीच पहली शांति वार्ता फेल हो चुकी है. हालांकि इसके बाद भी दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत जारी है. डोनाल्ड ट्रंप थोड़े-थोड़े समय पर अलग-अलग दावे कर रहे हैं. हालांकि दावों पर ईरान सहमत नहीं है. इसी बीच ईरान ने ट्रंप की टिप्पणियों का खुलकर मजाक बनाया है.
ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच मुफ्त तेल और मुफ्त होर्मुज को लेकर एक डील लगभग तय हो चुकी है. उनकी इस टिप्पणी पर ईरानी मीडिया ने तीखा पलटवार किया है.
ट्रंप का वीडियो शेयर कर उड़ाया मजाक
ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग ने ट्रंप का 15 सेकंड का वीडियो शेयर किया. इस वीडियो के नीचे उन्होंने कैप्शन में प्रसिद्ध फारसी कहावत लिखा. IRIB ने ट्रंप पर तंज कसते हुए लिखा कि हवा में महल बनाना! जिसका मतलब साफ है ईरान ने ट्रंप के दावों को मानने से पूरी तरह इनकार कर दिया है. ट्रंप ने लास वेगास रवाना होने से पहले व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच मध्य-पूर्व में 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को खत्म करने के लिए बहुत सफल बातचीत चल रही है.
उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिका को मुफ्त तेल और होर्मुज की सुरक्षित पहुंच देने के लिए तैयार है. ट्रंप ने आगे कहा कि हमें बहुत जल्द जीत मिलने वाली है. उन्होंने ईरान की नौसेना की स्थिति पर भी तंज कसा था. उन्होंने दावा किया था कि ईरान के पास अब कोई नौसेना नहीं बची है और उसके 158 जहाज समुद्र की तलहटी में पड़े हैं. अब ईरान ने उनकी टिप्पणियों का मजाक बनाया है.
यूरेनियम पर अमेरिका का बड़ा दावा
डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को अपनी नई टिप्पणी में यह भी दावा किया था कि ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंपने पर सहमत हो गया है. लेकिन ईरान ने इस बात को भी सिरे से खारिज कर दिया है. अमेरिका लगातार दोहरा रहा है कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की कभी अनुमति नहीं दी जा सकती. वहीं ईरान इसे अपने देश का मामला बता रहा है. इस युद्ध के पूरे विश्व में ऊर्जा आपूर्ति की किल्लत है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के प्रभावित होने के कारण दुनिया भर में तेल सप्लाई चेन प्रभावित हुआ है.