'मेलिसा' को क्यों कहा जा रहा है सदी का सबसे भयावह तूफान? जमैका में दिख रहा तबाही से पहले का ट्रेलर
श्रेणी 5 का भीषण तूफान ‘मेलिसा’ 300 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार के साथ जमैका की ओर बढ़ रहा है, जिसे इस सदी का सबसे शक्तिशाली तूफान बताया जा रहा है. संयुक्त राष्ट्र और अमेरिकी मौसम एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि यह भयावह तबाही मचा सकता है.
नई दिल्ली: श्रेणी 5 का भीषण चक्रवाती तूफान मेलिसा जमैका की ओर तेजी से बढ़ रहा है. 300 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार वाली हवाओं के साथ यह तूफान कैरिबियाई क्षेत्र में इस सदी का सबसे शक्तिशाली तूफान बन सकता है.
संयुक्त राष्ट्र और अमेरिकी मौसम एजेंसियों ने इसे बेहद खतरनाक और जानलेवा बताते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की उष्णकटिबंधीय चक्रवात विशेषज्ञ ऐनी-क्लेयर फॉन्टन ने जिनेवा में कहा कि जमैका में भयावह स्थिति की आशंका है. यह निश्चित रूप से इस सदी का सबसे भयावह तूफान होगा.
अनिवार्य निकासी और आश्रय स्थल खुले
सरकार ने दक्षिणी और तटीय समुदायों में अनिवार्य निकासी आदेश जारी कर दिए हैं. पूरे द्वीप में 800 से अधिक आश्रय स्थल खोले गए हैं ताकि लोग सुरक्षित रह सकें. प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने चेतावनी दी कि दक्षिणी क्षेत्र के बुनियादी ढांचे श्रेणी 5 के तूफान का सामना करने में सक्षम नहीं हैं.
क्या है तूफान की स्थिति?
अमेरिकी राष्ट्रीय तूफान केंद्र (NHC) के अनुसार, मेलिसा इस समय जमैका से करीब 70 किमी दूर है. इसकी अधिकतम निरंतर हवाएं 295–300 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही हैं. तूफान की गति लगभग 11 किमी/घंटा है और इसके केंद्र से 45 किमी तक तूफानी हवाएं फैल रही हैं. एनएचसी ने चेतावनी दी है कि मेलिसा मंगलवार रात तक जमैका और दक्षिण-पूर्वी क्यूबा से टकरा सकता है.
भीषण बारिश और बिजली आपूर्ति ठप
जमैका में पहले से ही मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे व्यापक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. देश का बिजली ग्रिड बुरी तरह प्रभावित हुआ है. करीब 2.4 लाख घरों और व्यवसायों में बिजली नहीं है. कई सबस्टेशन और ट्रांसमिशन लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, जबकि दूरसंचार सेवाएं भी बाधित हो चुकी हैं.
जान-माल का नुकसान
तूफान की तैयारी के दौरान हुई घटनाओं में तीन लोगों की मौत और 15 से अधिक के घायल होने की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य मंत्री क्रिस टफ्टन के अनुसार तैयारी के दौरान पेड़ गिरने और बिजली के झटके से तीन मौतें हुई हैं. लोग एहतियात बरतें. छतों पर चढ़ना या पेड़ काटना बेहद जोखिम भरा है.
मेलिसा की वजह से हैती और डोमिनिकन गणराज्य में भी चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. तूफ़ान मंगलवार देर रात क्यूबा और बुधवार तक बहामास व तुर्क्स एंड कैकोस की ओर बढ़ेगा.
मानवीय संकट की चेतावनी
रेड क्रॉस (IFRC) ने अनुमान लगाया है कि केवल जमैका में ही करीब 15 लाख लोग सीधे तौर पर प्रभावित हो सकते हैं. IFRC के नेसेफोर मघेंडी ने कहा कि छतें उड़ेंगी, बाढ़ का पानी बढ़ेगा, और कई लोगों के लिए यह बहुत बुरा साबित हो सकता है.
आगे क्या होगा?
विशेषज्ञों का कहना है कि असामान्य रूप से गर्म कैरिबियाई जलक्षेत्र ने मेलिसा की तीव्रता को विस्फोटक बना दिया है. उम्मीद है कि द्वीप पार करते समय यह श्रेणी 4 और आगे बढ़ते हुए श्रेणी 3 के तूफान में बदल जाएगा. इसके बावजूद, आने वाले 48 घंटे जमैका के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं.