गाजा में शांति के उम्मीद के बीच दुनिया में रूस-यूक्रेन जैसी एक और भयानक जंग की आहट, भारत के पड़ोसी ने तैनात किए खतरनाक युद्धपोत
China Taiwan tensions: दो साल से तबाही झेल रहे गाजा पट्टी में आखिरकार शांति की उम्मीदें जगने लगी हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित 20 सूत्री शांति योजना पर अब हमास ने भी अपनी सहमति जता दी है. इससे पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस प्लान को मंजूरी दे चुके हैं.
Gaza peace plan: पिछले दो सालों से दुनिया भर के कुछ देश तबाही का सामना कर रहे हैं. इस बीच गाजा पट्टी से अच्छी खबर आ रही है, जिससे शांति बहाल होने की उम्मीद जगी है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित 20 सूत्री शांति योजना पर अब हमास ने भी अपनी सहमति जता दी है. इससे पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू इस प्लान को मंजूरी दे चुके हैं. ऐसे में लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच अब गाजा में हमलों के रुकने और बंधकों की रिहाई की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं.
लेकिन जैसे-जैसे दुनिया गाजा में शांति की ओर बढ़ती दिख रही है, एक नए मोर्चे के खुलने की संभावना ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है. एशिया-प्रशांत क्षेत्र में तनाव फिर से बढ़ रहा है. भारत के पड़ोसी देश चीन ने ताइवान के साथ बढ़ते तनाव के बीच यांग्त्ज़ी नदी के मुहाने पर बड़ी संख्या में युद्धपोत और पनडुब्बियाँ तैनात कर दी हैं.
सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा
न्यूज वीक की एक रिपोर्ट के अनुसार, 6 अक्टूबर 2025 को ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में चीन के शंघाई के पास यांग्त्जी नदी के मुहाने पर कई उभयचर (Amphibious) जहाज खड़े नजर आए हैं. रक्षा विशेषज्ञों ने इसे एक “दुर्लभ और असामान्य सैन्य गतिविधि” बताया है. ओपन-सोर्स रक्षा विश्लेषक एमटी एंडरसन ने इन तस्वीरों में टाइप 071 युझाओ-क्लास लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक (LPD) की पहचान की है. यह 25,000 टन क्षमता वाला विशाल युद्धपोत है, जो किसी उभयचर हमले के दौरान बख्तरबंद वाहनों, सैनिकों और लैंडिंग क्राफ्ट को समुद्र पार कर ताइवान के तट तक पहुंचाने में सक्षम है.
ताइवान पर हमले की आशंका
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह तैनाती चीन की सैन्य तैयारी का हिस्सा हो सकती है, जो ताइवान पर हमले की दिशा में संकेत देती है. पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी (PLAN) के पास वर्तमान में 370 से अधिक युद्धपोत और पनडुब्बियां हैं, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी नौसेना बन चुकी है. इनमें हेलीकॉप्टर वाहक, लैंडिंग डॉक जहाज और विशेष लैंडिंग बार्ज शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल ताइवान जलडमरूमध्य पार कर हमले के लिए किया जा सकता है.
चीन-ताइवान विवाद का पुराना इतिहास
चीन ताइवान को अपना अभिन्न हिस्सा मानता है और कई बार इसे “मुख्य भूमि में विलय” करने की बात कह चुका है. जबकि ताइवान खुद को एक स्वतंत्र लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में देखता है. हाल के महीनों में चीन ने बड़े पैमाने पर सैन्य अभ्यास, ड्रोन गश्त और वायुसेना की उड़ानों के जरिए ताइवान पर दबाव बढ़ाया है.
ताइवान और अमेरिका दोनों ही इसे क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बता चुके हैं. गाजा में जहां शांति की पहल ने दुनिया को राहत की सांस दी है, वहीं चीन-ताइवान तनाव ने एशिया में अस्थिरता का नया खतरा पैदा कर दिया है. यदि यह स्थिति और भड़कती है तो इसका असर न केवल भारत और एशिया-प्रशांत क्षेत्र, बल्कि पूरी वैश्विक अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर भी पड़ सकता है.
और पढ़ें
- 'अब इजरायल में हर कोई मुझे पसंद कर रहा है', गाजा शांति समझौते के बाद नेतन्याहू ने ट्रंप को मिलाया फोन
- ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया मसूद अजहर, भारत की बर्बादी के लिए बनाई जैश-ए-मोहम्मद की महिला ब्रिगेड, जानें किसे सौंपी कमान?
- दुनिया की 10 करोड़ इमारतों पर समुद्र में समाने का खतरा, स्टडी में 'जलप्रलय' को लेकर डरावना खुलासा