menu-icon
India Daily

चार फरवरी : फेसबुक ‘लॉन्च’, जुकरबर्ग ने बदला सोशल मीडिया का अंदाज

सोशल मीडिया के जरिए लोगों के सामाजिक जीवन में आए इस बदलाव में चार फरवरी का एक खास महत्व है.

anvi shukla
Edited By: Anvi Shukla
चार फरवरी : फेसबुक ‘लॉन्च’, जुकरबर्ग ने बदला सोशल मीडिया का अंदाज
Courtesy: pinterest

पिछले दो दशक में प्रौद्योगिकी ने जिस रफ्तार से तरक्की की है, उसने लोगों की जीवनशैली को एकदम बदल दिया. सोशल मीडिया के जरिए लोगों के सामाजिक जीवन में आए इस बदलाव में चार फरवरी का एक खास महत्व है. दरअसल 2004 में चार फरवरी को ही मार्क जुकरबर्ग ने हावर्ड यूनिवर्सिटी में अपने साथ पढ़ने वाले तीन दोस्तों के साथ मिलकर बनाई वेबसाइट ‘फेसबुक’ को लॉन्च करके दुनियाभर के लोगों को ‘फ्रेंड्स’ और ‘लाइक’ को गिनते रहने का एक नया गणित दे दिया.

हालत यह है कि दुनिया के अरबों लोग अपनी हर गतिविधि को ‘शेयर’ करते हैं और यही उनकी दुनिया बन गई है. जुकरबर्ग ने फेसबुक के जरिए अपनी तकदीर बदल दी और पूरी दुनिया की तस्वीर. मौसम के बाद शायद यह पहली चीज है, जो दुनिया के इतने लोगों को एक साथ प्रभावित करने का माद्दा रखती है. हालांकि, इसके बाद सोशल मीडिया पर इस तरह की बहुत सी साइट आती रहीं, लेकिन फेसबुक ने अपनी जगह मजबूती से बनाए रखी.


देश दुनिया के इतिहास में चार फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1628 : शाहजहां को आगरा में मुगल बादशाह का ताज पहनाया गया.

1922 : भारतीय शास्त्रीय संगीत के चितेरे भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी का जन्म.

1938 : कत्थक नृत्य के देश के महान साधक बिरजू महाराज का जन्म .

1948 : सीलोन (अब श्रीलंका) को ब्रिटेन से आजादी मिली.

1973 : भारत के सबसे बड़े मर्चेंट पोत जवाहर लाल नेहरू का उद्घाटन. इसमें 88,000 डीडब्ल्यूटी का सुपर टैंकर था.

1974 : महान भौतिकशास्त्री सुरेन्द्र नाथ बोस का निधन.

1976 : ग्वाटेमाला में भीषण भूकंप से 23,000 लोगों की मौत हो गई और 75,000 से ज्यादा जख्मी हुए.

1976 : संयुक्त राष्ट्र के शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन ने कहा कि वह निरक्षरता को दूर करने के अपने प्रयासों में असफल रहा है. इस संबंध में संगठन का दस वर्ष का कार्यक्रम भारत सहित 11 देशों पर केंद्रित था.

1990 : केरल का एर्नाकुलम ज़िला देश का पूर्ण साक्षर ज़िला घोषित. यहां साक्षरता की दर शत प्रतिशत दर्ज की गई.

1994 : अमेरिका ने वियतनाम के खिलाफ लगाये गए व्यापारिक प्रतिबंध समाप्त किए.

1997 : इज़राइल की सेना के दो हेलीकॉप्टर उत्तरी इज़राइल में टकराए. देश के इतिहास के इस भीषणतम हवाई हादसे में सेना से जुड़े 73 लोगों की मौत हुई.

1998 : अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर इलाके में भूकंप से चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत

2001 : तिब्बत की निर्वासित सरकार ने ऐलान किया कि भारत ने करमापा लामा को शरणार्थी का दर्जा दे दिया है. वह जनवरी 2000 में किशोरावस्था में भारत चले आए थे.

2003 : यूगोस्लाविया ने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर सर्बिया और मोंटेनेग्रो किया.

2004 : फेसबुक लॉन्च. यह बाद में दुनिया का सबसे बड़ा सोशल नेटवर्क बना.

2006 : अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ईरान के परमाणु हथियार बनाये जाने के मामले को सुरक्षा परिषद में भेजा.

2014 : भारतीय मूल के सत्या नडेला को माइक्रोसॉफ़्ट का नया सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) नियुक्त किया गया.

2022: चीन में शीतकालीन ओलंपिक का आगाज़.

2024: नामीबिया के राष्ट्रपति हागे गेनगाब का कैंसर से 82 साल की उम्र में निधन.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)