नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके कहा कि वह फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन को लेकर नई जांच चाहते हैं. ट्रंप ने कहा कि वह अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी, न्याय विभाग (डीओजे) और एफबीआई से एपस्टीन के बिल क्लिंटन, लैरी समर्स, रीड हॉफमैन और बड़े बैंक जेपी मॉर्गन चेज जैसे जाने-माने लोगों के साथ संबंधों की जांच करने के लिए कहेंगे.
ट्रंप ने दावा किया कि डेमोक्रेट्स एपस्टीन होक्स का मुद्दा केवल इसलिए उठा रहे हैं, जिससे लोगों का ध्यान अपनी राजनीतिक समस्याओं से हट पाए. ट्रंप ने पोस्ट में आगे लिखा कि डेमोक्रेट्स एपस्टीन मुद्दे का इस्तेमाल रिपब्लिकन्स पर हमला करने के लिए कर रहे हैं, इसलिए अब वह चाहते हैं कि फेडरल एजेंसियां एपस्टीन के संबंधों की जांच करें, जिसमें खास फोकस डेमोक्रेट्स पर होना चाहिए.
ट्रंप ने कहा कि एपस्टीन से रिपब्लिकन्स नहीं, बल्कि डेमोक्रेट्स जुड़े थे और इसलिए जांच क्लिंटन और समर्स जैसे लोगों पर फोक्स होनी चाहिए. ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि एपस्टीन डेमोक्रेट थे. साथ ही कहा कि डेमोक्रेट, एपस्टीन की कहानी को फिर से जीवित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. वहीं, न्याय विभाग पहले ही 50,000 पन्नों के डॉक्यूमेंट्स जारी कर चुका है.
ट्रंप ने लिखा कि एपस्टीन एक डेमोक्रेट ते. ऐसे में यह उनकी समस्या है रिपब्लिकन की नहीं. उन्होंने लोगों से क्लिंटन, हॉफमैन और समर्स पर दोष मढ़ने के बजाय उनसे सवाल करने का आग्रह किया. ट्रंप जोर देते हुए कहा कि डेमोक्रेट एपस्टीन मामले को एक राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. उनके अनुसार, डेमोक्रेट अगले चुनाव से पहले उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उनके समर्थकों को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं.
हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने भी ट्रंप के दावों को सपोर्ट किया. उन्होंने बताया कि डेमोक्रेट ट्रंप को एपस्टीन से जोड़ने वाली एक झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. उनका मुख्य लक्ष्य सिर्फ ट्रंप पर हमला करना है. उन्होंने इसे ट्रंप डिरेंजमेंट सिंड्रोम बताया. वहीं, सीनेटर जॉन कैनेडी के अनुसार, जब तक न्याय विभाग स्पष्ट रूप से यह नहीं बताता कि एपस्टीन से और कौन जुड़ा था, यह विवाद जारी रहेगा और और भी बड़ा हो जाएगा.