म्यांमार में रविवार को एक बिल्डिंग में हुए जोरदार धमाके में 46 लोगों की मौत की खबर है. बताया जा रहा है कि इस इमारत में खनन के लिए इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक रखे हुए थे. यह धमाका नामकाम टाउनशिप के काउंगटुप गांव में दोपहर के आसपास हुआ था. इस धमाके में लगभग 70 अन्य लोग घायल हुए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जहां विस्फोट हुआ वह इलाका चीन की सीमा से 3 किमी दक्षिण में स्थिति है. इस क्षेत्र पर म्यांमार के विद्रोही गुट ता' आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी का कब्जा है. यह एक जातीय सशस्त्र समूह है जो म्यांमार सरकार के खिलाफ गुरिल्ला लड़ाई लड़ता रहा है.
हादसे वाली जगह पर पहुंचे एक बचावकर्मी ने बताया कि अब तक 46 शव बरामद कर लिए गए हैं, जिनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं.उन्होंने बताया कि सभी घायलों को टाउनशिप अस्पताल पहुंचाया गया है और बचाव कार्य अभी भी जारी है. एक अन्य बचावकर्मी ने बताया कि धमाके वाली जगह के पास 100 से ज्यादा घरों को नुकसान भी पहुंचा है.
Myanmar: A blast/explosion at a building storing mining explosives in Kaungtup village, Namhkam Township, Shan State, killed at least 55 people and injured around 70, according to rescue workers and local sources. pic.twitter.com/El53gXsQZl
— GeoTechWar (@geotechwar) May 31, 2026
म्यांमार के शान राज्य की ऑनलाइन समाचार एजंसी श्वे फी म्या ने बताया कि मरने वालों की संख्या 50 से 55 के करीब है. शुरुआती जांच में पता चला है कि जहां धमाका हुआ वहां खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक भारी मात्रा में रखा हुआ था.
ता आंग नेशनल लिबरेशन आर्मी ने अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी एक बयान में बताया कि समूह के आर्थिक विभाग ने खनन और पत्थर की खदानों में इस्तेमाल के लिए जेलिग्नाइट जमा करते रखा था. आर्मी ने यह भी कहा कि इस धमाके के कारणों की जांच की जा रही है. बता दें कि जेलिग्नाइट का इस्तेमाल खनन और चट्टानों को तोड़ने के कार्यों में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है अगर समय बीतने के साथ इसे ठीक तरह से ना रखा जाए तो यह बेहद अस्थिर हो सकता है.