केवड़िया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार यानी आज गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद 550 से अधिक रियासतों को एक किया, लेकिन कांग्रेस की नीतियों के कारण कश्मीर विभाजित हुआ. उन्होंने कहा कि नेहरू के फैसले ने कश्मीर को अलग संविधान और झंडा दिया, जिससे देश दशकों तक झुलसता रहा.
कांग्रेस के कारण कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया और आतंकवाद को बढ़ावा मिला. पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने आतंकवाद और माओवादी हिंसा के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की है. उन्होंने कहा कि जिस गंभीरता से सरदार पटेल ने देश की संप्रभुता को संभाला, वही भावना अब सरकार में दोहराई जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार देश से घुसपैठियों को निकालने का संकल्प लेकर चल रही है.
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए सरदार पटेल को भारत के एकीकरण के पीछे प्रेरक शक्ति बताया, जिसने देश के प्रारंभिक वर्षों में उसके भाग्य को आकार दिया. उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'भारत सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता है. वे भारत के एकीकरण के पीछे प्रेरक शक्ति थे, इस प्रकार उन्होंने हमारे राष्ट्र के प्रारंभिक वर्षों में इसके भाग्य को आकार दिया. राष्ट्रीय अखंडता, सुशासन और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. हम एकजुट, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के उनके दृष्टिकोण को बनाए रखने के अपने सामूहिक संकल्प की भी पुष्टि करते हैं'.
India pays homage to Sardar Vallabhbhai Patel on his 150th Jayanti. He was the driving force behind India’s integration, thus shaping our nation’s destiny in its formative years. His unwavering commitment to national integrity, good governance and public service continues to… pic.twitter.com/7quK4qiHdN
— Narendra Modi (@narendramodi) October 31, 2025Also Read
इस मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया और एकता परेड का आयोजन किया गया. प्रधानमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद एकता दिवस समारोह का उद्घाटन किया और एकता प्रतिज्ञा दिलाई. एकता परेड में महिला अधिकारियों की अगुवाई में पुलिस, सीएपीएफ, एनसीसी और पशु दस्ते शामिल रहे. घोड़े, ऊंट और कुत्तों की टुकड़ियों ने भी परेड में हिस्सा लिया.
सुबह 8 बजे पीएम मोदी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचे. उन्होंने सरदार पटेल को नमन करते हुए देश की एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल भारत के एकीकरण के पीछे की प्रेरक शक्ति थे जिन्होंने आज के भारत की नींव रखी. मोदी ने कहा कि देश आज सरदार पटेल के मार्ग पर चलते हुए आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखें.