Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

दक्षिण भारत साधने का प्लान तैयार! केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप को PM मोदी देंगे करोड़ों की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल के दो दिनों के दौरे पर रहने वाले है. पीएम मोदी तमिलनाडु में 19,850 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे.

Avinash Kumar Singh

नई दिल्ली: पीएम मोदी नए साल में अपने दौरे की शुरुआत दक्षिण भारत से करने जा रहे है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल के दो दिनों के दौरे पर रहने वाले है. पीएम मोदी तमिलनाडु में 19,850 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. तिरुचिरापल्ली में सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री तिरुचिरापल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. अन्य परियोजनाओं के अलावा पीएम मोदी तिरुचिरापल्ली स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) के 500 बिस्तरों वाले लड़कों के छात्रावास एमेथिस्ट का उद्घाटन करेंगे. अपनी यात्रा से पहले पीएम मोदी ने कहा कि इन तमाम विकास की परियोजनाओं से इन राज्यों की जनता को लाभ मिलेगा. 

पीएम मोदी का दो दिवसीय तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल दौरा

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा "अगले दो दिनों में मैं तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा. कार्यक्रमों की शुरुआत तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली से होगी, जहां मैं भारतीदासन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करूंगा. एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का भी उद्घाटन किया जाएगा. साथ ही अन्य विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया जाएगा. इन कार्यों से कई लोगों को लाभ होगा. मैं लक्षद्वीप के लोगों के बीच रहने के लिए उत्सुक हूं. करोड़ रूपये के विकास कार्य 1150 करोड़ की परियोजनाओं का या तो उद्घाटन किया जाएगा या फिर उनका शिलान्यास किया जाएगा. इन कार्यों में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और बहुत कुछ से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं."

लक्षद्वीप को 1,150 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात 

लक्षद्वीप की अपनी यात्रा में प्रधानमंत्री 1,150 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. पीएम मोदी कोच्चि-लक्षद्वीप द्वीप समूह सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर कनेक्शन (KLI - SOFC) परियोजना का उद्घाटन करेंगे. इससे इंटरनेट स्पीड में 100 गुना से ज्यादा (1.7 जीबीपीएस से 200 जीबीपीएस तक) की बढ़ोतरी होगी. पीएमओ द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि आजादी के बाद पहली बार लक्षद्वीप को सबमरीन ऑप्टिक फाइबर केबल के जरिए जोड़ा जाएगा. 

कावारत्ती में सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना राष्ट्र को समर्पित 

प्रधानमंत्री कदमत में निम्न-तापमान थर्मल डिसेलिनेशन (एलटीटीडी) संयंत्र राष्ट्र को समर्पित करेंगे. कदमत में कम तापमान वाला थर्मल डिसेलिनेशन (एलटीटीडी) संयंत्र हर दिन 1.5 लाख लीटर स्वच्छ पेयजल का उत्पादन करेगा. राष्ट्र को समर्पित अन्य परियोजनाओं में कावारत्ती में सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल है, जो लक्षद्वीप की पहली बैटरी-समर्थित सौर ऊर्जा परियोजना है. इससे डीजल आधारित बिजली उत्पादन संयंत्र और कावारत्ती में इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन) कॉम्प्लेक्स में नए प्रशासनिक ब्लॉक और 80 पुरुष बैरक पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी.