संडे को पेट्रोल पंप रहेगा बंद, नहीं मिलेगा ईंधन? वायरल पोस्ट पर PIB ने जारी किया बयान
पेट्रोल-डीजल के दाम आज से बढ़ गए हैं. साथ ही सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि अब से रविवार को पेट्रोल पंप बंद रहेंगे. इस दावे पर PIB ने बयान जारी किया है.
पेट्रोल-डीजल को लेकर देश में हलचल बढ़ गई है. पहले प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन के इस्तेमाल को कम करने की अपील की गई थी. जिसके बाद आज चार साल बाद पेट्रोल-डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है. सरकार द्वारा हर हाल में ईंधन के खर्च को कम करने की कोशिश की जा रही है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक दावा वायरल हो रहा है.
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि हर रविवार को पेट्रोल पंप बंद रहेंगे. इस दिन किसी को भी पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और कोई भी ईंधन नहीं मिल पाएगा. यह दावा मुख्य तौर पर तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा के लिए किए जा रहे हैं. लेकिन हम जानेंगे क्या है इस दावे की सच्चाई.
वायरल पोस्ट पर PIB ने क्या कहा?
रविवार को पेट्रोल पंप बंद होने के दावे को लेकर प्रेस इंफर्मेशन ब्यूरो का बयान सामने आया है. पीआईबी ने सोशल मीडिया के इस स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए फैक्ट चेक किया है. उन्होंने इस दावे को पूरी तरह से झूठा करार दिया और साथ ही जनता को धैर्य रखने की सलाह दी है. PIB की ओर से केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करने की बात कही गई है. हालांकि यह सच है कि पीएम मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील जरूर है ताकि वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव की घड़ी में फॉरेक्स रिजर्व को बचाया जा सके. उन्होंने देश की जनता से एक साल के लिए सोना ना खरीदने की भी अपील की है. मिडिल ईस्ट में लगभग तीन महीनों से युद्ध जारी है, ऐसे में क्रूड ऑयल सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस वैश्विक संघर्ष के समय ऊर्जा की कीमतों में जितनी बढ़ोतरी की आवश्यकता थी, यह उसका दसवां हिस्सा ही है.
चार सालों बाद बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
बता दें कि लगभग चार सालों बाद आज पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है. संघर्ष शुरू होने के बाद भी दस से ज्यादा हफ्ते तक तेल के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी. लेकिन कंपनियों को हो रहे लगातार नुकसान के कारण अब सरकार को नुकसान का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर भी डालना पड़ा. आरबीआई की ओर से पहले ही इस बात की चेतावनी दी गई थी अगर यह युद्ध कई दिनों तक चलता है तो इसका असर पेट्रोल-डीजल पर पड़ सकता है. हालांकि अभी भी स्थिति कंट्रोल में है और रविवार को पेट्रोल पंप बंद रहने की खबर पूरी तरह से फर्जी है.