सोशल मीडिया पर हर दिन कई वीडियो शेयर किए जाते हैं, लेकिन कुछ वीडियो ऐसे होते हैं, जो सबका दिल जीत जाता है. ऐसा ही एक वीडियो इंडोनेशियाई महिला ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया. इस वीडियो में एक भारतीय व्यक्ति उस महिला के दुपट्टे को उठाने के लिए ट्रेन के नीचे आ जाता है.
इस वीडियो को खुद उस महिला ने शेयर किया है. महिला को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक ट्रेन के दरवाजे के किनारे खड़ा देखा जा सकता है. महिला अपना कैमरा संभालने की कोशिश कर ही होती है, तभी उसका दुपट्टा फिसल जाता है.
वीडियो में महिला दुपट्टा के गिरते ही थोड़ा डर जाती है और उसे निकालने की कोशिश करने लगती है. लेकिन तभी वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति पास आता है और उसे रुकने का इशारा करता है. पहले वह व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर से ही दुपट्टे को निकालने की कोशिश करता है लेकिन जब दुपट्टा नहीं निकलता तो वह व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के नीचे रेलवे ट्रैक पर कूद जाता है और दुपट्टा को बाहर निकाल लेता है. दुपट्टे को निकालने के बाद व्यक्ति उसे महिला को सौंपता है और स्माइल करते हुए वहां से निकल जाता है. वहीं महिला भी दुपट्टा पाकर खुश हो जाती है. लेकिन वो उस व्यक्ति को धन्यवाद के तौर पर कुछ देना चाह रही होती है, तब तक वह निकल जाता है.
महिला ने इस पूरी घटना के बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी और उसने कहा कि मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि कोई इतनी हिम्मत दिखाएगा और दूसरे की मदद करने के लिए सचमुच ट्रैक पर कूद जाएगा. उसने आगे कहा कि मुझे इस तरह से किसी की मदद लेना अच्छा नहीं लग रहा है. मैं समझ नहीं पा रही हूं कि मैं क्या करूं. वीडियो के कैप्शन में महिला ने लिखा कि राहुल बिल्कुल सही समय पर आ गया. महिला ने इस पूरे सीन को डीडीएलजे से रिलेट किया है. इस वीडियो को अब तक लाखों बार देखा जा चुका है और कई लोगों ने कमेंट किया. एक ने कहा कि इसी को सादगी कहते हैं. वहीं दूसरे ने कहा कि मदद करने वालों को थैंक्यू की जरूरत नहीं होती. वहीं कुछ यूजर्स ने भारतीयों की तारीफ की.