menu-icon
India Daily

लाल किला के पास विस्फोट का नया वीडियो आया सामने, चारों तरफ अफरातफरी मच गई

फुटेज में ऐतिहासिक लाल किले के पास एक व्यस्त, भीड़-भाड़ वाली सड़क दिखाई दे रही है, जिसके बाद अचानक कुछ सेकंड तक चमकीली पीली रोशनी चमकती है जिस क्षण विस्फोट हुआ.

Gyanendra Sharma
लाल किला के पास विस्फोट का नया वीडियो आया सामने, चारों तरफ अफरातफरी मच गई
Courtesy: X-ANI

नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला के पास हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है. इस ब्लास्ट से जुड़े कई वीडियो सामने आ रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज में सोमवार को दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार विस्फोट का वीडियो कैद हो गया. 

ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है. इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं. 20 घायलों का इलाज चल रहा है. दो शवों की पहचान हो गई है.  फुटेज में ऐतिहासिक लाल किले के पास एक व्यस्त, भीड़-भाड़ वाली सड़क दिखाई दे रही है, जिसके बाद अचानक कुछ सेकंड तक चमकीली पीली रोशनी चमकती है  जिस क्षण विस्फोट हुआ.

कश्मीरी डॉक्टर मोहम्मद उमर चला रहा था कार

समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, लाल किला मेट्रो स्टेशन की पार्किंग के पास जिस सफेद हुंडई i20 में विस्फोट हुआ, उसे कथित तौर पर कश्मीरी डॉक्टर मोहम्मद उमर चला रहा था. उमर पर हमले के पीछे होने का संदेह है. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला उमर हाल ही में फरीदाबाद में पकड़े गए एक आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा माना जा रहा है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक उमर ने विस्फोटकों के साथ खुद को उड़ा लिया. उसके DNA टेस्ट के लिए कश्मीर पुलिस ने पुलवामा में उसकी मां और दो भाई को हिरासत में लिया है. पुलवामा से उसके दोस्त डॉ. सज्जाद और पिता को भी हिरासत में लिया गया है.

100 से अधिक सीसीटीवी क्लिप की जांच

एएनआई के हवाले से पुलिस सूत्रों के अनुसार, फुटेज से पता चलता है कि उस समय संदिग्ध अकेला था. सूत्रों ने कहा, जांचकर्ता अब दरियागंज की ओर जाने वाले रास्ते का पता लगा रहे हैं, जबकि वाहन की पूरी गतिविधि का पता लगाने के लिए आस-पास के टोल प्लाजा के फुटेज सहित 100 से अधिक सीसीटीवी क्लिप की जांच की जा रही है.