menu-icon
India Daily

'दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा', लाल किला बम धमाके के बाद राजनाथ सिंह की दो टूक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली विस्फोट के बाद अपना पहला रिएक्शन दिया है. उन्होंने हमला करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी हाल में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा', लाल किला बम धमाके के बाद राजनाथ सिंह की दो टूक
Courtesy: X (@AsiaWarZone)

दिल्ली में सोमवार शाम को हुए धमाके की गूंज पूरे देश में है. इस विस्फोट में 10 से ज्यादा लोगों की जान चली गई. इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज यानी मंगलवार को संकल्प लिया है कि इस विस्फोट में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने इस त्रासदी पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की है. 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पुष्टि की है कि शीर्ष सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां विस्फोट की व्यापक जांच कर रही हैं और जल्द ही इसकी जानकारी सार्वजनिक किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि मैं देश को दृढ़ता से आश्वस्त करता हूं कि इस त्रासदी के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा और उन्हें किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा. 

सुरक्षा में अदृश्य तकनीकों की ताकत 

राजनाथ सिंह ने रक्षा संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि भारत  की रक्षा में अदृश्य तकनीकों भी काफी महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि ये तकनीकें लड़ाकू विमानों या मिसाइलों जितनी दृश्यमान नहीं हैं लेकिन परिचालन दक्षता और समन्वय के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण हैं. सिंह ने कहा कि तकनीक सिर्फ़ हथियारों या प्लेटफ़ॉर्म तक ही सीमित नहीं है. यह उन प्रणालियों में भी समाहित है जो हमारे संस्थानों को तेज, ज़्यादा पारदर्शी और ज़्यादा बुद्धिमान बनाती हैं. उन्होंने सशस्त्र बलों से आग्रह किया कि वे न केवल हथियारों के क्षेत्र में, बल्कि रसद, प्रशिक्षण और प्रबंधन प्रणालियों में भी दुनिया भर की सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने के लिए उत्सुक और तत्पर रहें. उन्होंने कहा कि भारत के लिए आगे का रास्ता साफ है. हमें तकनीक अपनाने से तकनीकी नेतृत्व की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ना होगा. 

धमाके से दहला दिल्ली

दिल्ली के लाल किले के मेट्रो गेट 1 के पास चलती हुई हुंडई i20 कार में जबरदस्त धमाका हुआ. इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए. इस विस्फोट में कई गाड़ियां भी जलकर खाक हो गई. हालांकि जब जांच शुरू हुआ तो इस विस्फोट का लिंक फरीदाबाद में पाए गए विस्फोटक से भी जुड़ा नजर आया. हरियाणा के पंजीकरण नंबर वाली एक कार में हुए इस विस्फोट की दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक टीमों द्वारा उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है. यूएपीए और विस्फोटक अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा जांच कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा कि किसी भी पहलू को अनदेखा नहीं किया जाएगा.