नई दिल्ली: मणिपुर में एक बार फिर से हिंसा बढ़ती नजर आ रही है. राज्य के उखरुल जिले में ताजा हिंसा के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मिल रही जानकारी के मुताबिक इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है. वहीं इंटरनेट सर्विस रोक दी गई है. रिपोर्ट की मानें तो कुछ बदमाशों ने घरों में आग लगा दी, जिससे लोगों को अपने घर छोड़ कर भागने पड़े.
रिपोर्ट के मुताबिक लिटन सारेखोंग गांव में हथियारबंद ग्रुप्स ने घरों में आग लगा दी और हवा में कई राउंड फायरिंग की, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया. इस घटना के बाद गांव वाले अपने जरूरी सामान लेकर पास के कांगपोकपी जिले के सुरक्षित जगहों पर चले गए.
मणिपुर सरकार ने बढ़ते तनाव को देखते हुए उखरुल जिले में इंटरनेट सर्विस को कुछ समय के लिए रोकने का आदेश दिया. कमिश्नर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि हालात को अच्छे से संभालने और गलत जानकारी फैलने से रोकने के लिए,जिले में इंटरनेट सर्विस को तुरंत बंद करना ज़रूरी है. यह रोक पांच दिनों तक लागू रहेगी. जिससे तनाव और ज्यादा ना भड़के. वहीं आगजनी की घटनाओं के बाद उखरुल जिले के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू का भी ऐलान किया गया. अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि हथियारबंद बदमाशों ने लिटन सारेखोंग गांव के पास गोलियां चलाईं. जिससे वहां के लोगों में डर का माहौल है.
पुलिस ने लोगों से की शांति की अपील
पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि सोमवार को सुबह करीब 12.10 बजे के लुंगविराम गांव में आग लगने की एक मामूली घटना की सूचना मिली, जिससे एक रिहायशी घर को थोड़ा नुकसान हुआ. सिक्योरिटी फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया. उन्होंने बताया कि हर एक स्थिति पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के फर्जी खबर ना शेयर करने की अपील की है. दो साल पहले भी मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जबरदस्त हिंसा हुआ था. इस बार कुकी और नागा समुदाय के बीच तनाव की खबर है.