नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के बांकुरा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव से पहले चल रहे SIR को लेकर केंद्र और बीजेपी पर तीखा हमला किया. ममता बनर्जी ने कहा कि SIR के नाम पर गरीब लोगों को परेशान किया जा रहा है और यह पूरी प्रक्रिया लोगों को डराने के लिए की जा रही है.
उन्होंने दावा किया कि अब तक SIR के कारण करीब 60 लोगों की मौत हो चुकी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि SIR में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जा रहा है और यह एक बहुत बडा घोटाला है.ममता बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग बीजेपी को कभी सत्ता में नहीं आने देंगे. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों पर भी पलटवार किया.
People will not allow BJP to come to power in West Bengal, claims Mamata Banerjee at Bankura rally.
— Press Trust of India (@PTI_News) December 30, 2025
SIR being conducted using AI, it's a huge scam, claims CM Mamata Banerjee at Bankura rally. pic.twitter.com/fJ2hFDKJAS
अमित शाह ने टीएमसी सरकार पर डर और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था और सीमा पर बाड लगाने के लिए जमीन न देने की बात कही थी.इस पर ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही ऐसे लोग बंगाल में आ जाते हैं और झूठ फैलाने लगते हैं. ममता बनर्जी ने कहा कि अगर उनकी सरकार ने जमीन नहीं दी होती तो पेट्रापोल और अंडाल में बाड कैसे बनी होती.
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 साल पहले लोग डरे हुए थे लेकिन टीएमसी सरकार ने विकास किया और बांकुरा में पानी की समस्या को काफी हद तक दूर किया. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही लोगों को एसआईआर के नाम पर परेशान किया जा रहा है. ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी केवल आरोप लगाती है और सच्चाई से दूर रहती है.
मुख्यमंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा.उन्होंने कहा कि अगर घुसपैठ केवल बंगाल से हो रही है तो फिर देश के दूसरे हिस्सों में हुई घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा.
इससे पहले अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पिछले 14 सालों से पश्चिम बंगाल की पहचान डर और भ्रष्टाचार बन चुकी है.उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार के कारण विकास रुक गया है और केंद्र की योजनाएं सही तरह से लागू नहीं हो पा रही हैं. अमित शाह ने कहा कि असम और त्रिपुरा में घुसपैठ रुक गई है लेकिन बंगाल में यह जारी है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी 2026 के विधानसभा चुनाव में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी.