नई दिल्ली: इस बार गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है. कंक्रीट की छतें दिनभर तपती रहती हैं और रात में भी गर्मी अंदर घुसती रहती है. ऐसे में लोग AC और कूलर पर निर्भर हो रहे हैं, लेकिन बिजली बिल और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुंच रहा है. सिविल इंजीनियर विशाल गोयल ने एक बेहद सस्ता और प्रभावी उपाय सुझाया है छत पर सफेद चूना लगाना.
यह तरीका न सिर्फ पुराना है बल्कि वैज्ञानिक रूप से भी सही साबित हुआ है. सफेद रंग सूरज की किरणों को सोखने के बजाय उन्हें वापस कर देता है. इससे छत कम गर्म होती है और घर के अंदर का तापमान 5 डिग्री तक गिर सकता है. जो लोग प्राकृतिक ठंडक चाहते हैं, उनके लिए यह सबसे आसान समाधान है.
सफेद रंग सूर्य की किरणों का रिफ्लेक्टर की तरह काम करता है. जब किरणें सफेद छत पर पड़ती हैं तो वे अवशोषित होने की बजाय वापस वायुमंडल में चली जाती हैं. नतीजा यह होता है कि छत कम तपती है और गर्मी कमरे में कम पहुंचती है. कई इंजीनियरों के अनुसार इससे तापमान 4 से 5 डिग्री तक कम हो जाता है.
700 से 800 स्क्वायर फीट छत के लिए सिर्फ 10 किलो चूना और 2 किलो फेविकोल काफी है. चूना सफेदी देता है तो फेविकोल उसे मजबूती से चिपकाता है. इसमें आधा किलो चीनी भी मिला सकते हैं, जिससे पकड़ और बेहतर हो जाती है. पूरा खर्चा 300-400 रुपये से ज्यादा नहीं आएगा.
चूना हमेशा लोहे की बाल्टी या मेटल बर्तन में मिलाएं क्योंकि पानी डालते समय यह गर्म हो जाता है और प्लास्टिक पिघल सकता है. 5 किलो चूने को 10 लीटर पानी में अच्छे से घोलें. फिर 1 किलो फेविकोल और आधा किलो चीनी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. घोल न बहुत पतला हो और न बहुत गाढ़ा.
सबसे पहले छत को अच्छी तरह साफ करें, धूल-मिट्टी हटा दें. फिर छत को हल्का गीला कर लें. सुबह का समय पहला कोट लगाने के लिए सबसे अच्छा है. 12-14 घंटे बाद दूसरा कोट लगाएं. दो कोट के बाद छत दूधिया सफेद हो जाएगी जो लंबे समय तक टिकी रहेगी.
यह तरीका न सिर्फ घर को ठंडा रखता है बल्कि बिजली बिल में भी अच्छी बचत करता है. AC कम चलाने से बिजली खर्च घटता है और पर्यावरण को भी नुकसान कम होता है. गर्मी के मौसम में यह देसी जुगाड़ कई घरों में आजमाया जा चुका है और लोग इससे काफी संतुष्ट हैं.