menu-icon
India Daily

US-इजरायल के हमले में मारे गए खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया दुख, विदेश सचिव ने शोक पुस्तिका पर किये हस्ताक्षर

भारत ने इजरायल के हमले में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत पर शोक व्यक्त किया है. भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास की शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
US-इजरायल के हमले में मारे गए खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया दुख, विदेश सचिव ने शोक पुस्तिका पर किये हस्ताक्षर
Courtesy: ANI

भारत ने इजरायल के हमले में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत पर शोक व्यक्त किया है. भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास की शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए. मिसरी ने यह हस्ताक्षर भारत सरकार की ओर से किया जिसमें भारत ने हाल की घटना पर ईरान के प्रति अपनी संवेदना और एकजुटता व्यक्त की.

बता दें कि अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल के हवाई हमले में मौत हो गई थी. 86 वर्षीय खामेनेई 1989 से ईरान की सत्ता पर राज कर रहे थे.

ईरान ने खाई बदला लेने की कसम

अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने अपने सुप्रीम लीडर की मौत का बदला लेने की कसम खाई थी और तब से लेकर  ईरान अभी तक इजरायल और अमेरिका से दो-दो हाथ कर रहा है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह युद्ध लंबा चला तो ईरान को इसमें जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ेगा.

ईरान में मरने वालों की संख्या 1230 पहुंची

वहीं, इस युद्ध में ईरान में मौतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, अब तक ईरान में 1230 लोगों की मौत हो चुकी है. शनिवार से जारी हमलों में ईरान के कई शहरों में भीषण तबाही हुई है, इन हमलों में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं. राहत व बचाव कार्य में लगे लोग मलबों में दबे लोगों को तलाश रहे हैं.

तो हम अपना परमाणु कार्यक्रम बंद करने को तैयार

इसी बीच ईरान के उप विदेश मंत्री ने एक महत्वपूर्ण बयान दिया है. उन्होंने संकेत दिया है कि अगर अमेरिका ईरान को एक स्वीकार्य प्रस्ताव देता है तो उनका देश अपने परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने पर विचार करेगा. सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया है कि ईरान इसके बदले सकारात्मक परिणाम चाहता है.