IAS अफसर पूजा खेडकर के बाद अब उनकी मां मनोरमा खेडकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर वायरल दो वीडियो में मनोरमा खेडकर हाथ में पिस्टल लेकर किसानों और स्थानीय लोगों के साथ-साथ मीडियाकर्मियों को धमकाती दिख रही हैं. एक वीडियो में हाथ में पिस्टल ली हुईं मनोरमा, कुछ लोगों के साथ बहस करती दिख रही हैं. दावा किया जा रहा है कि मनोरमा जिन लोगों से बहस कर रही हैं, वे किसान हैं. वीडियो में मनोरमा अपने कुछ लोगों के साथ दिख रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जमीन के मालिक यानी किसान और मनोरमा के बीच कोर्ट में मामला चल रहा है. इसे लेकर ही दोनों पक्ष आमने-सामने आए थे.
वायरल वीडियो 2023 का बताया जा रहा है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पूजा के पिता जब सरकारी नौकरी में थे, तब उन्होंने करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाई. इनमें कई प्लॉट भी शामिल हैं. जिस जमीन पर मनोरमा किसानों से बहस करती दिख रही हैं, वो पुणे के मुल्शी तहसील में है.
रिपोर्ट के मुताबिक, पूजा के पिता ने सरकारी नौकरी में रहने के दौरान यहां 25 एकड़ जमीन खरीदी थी. इसके बाद खेडकर परिवार ने आसपास के किसानों की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की. जब किसानों का विरोध शुरू हुआ तो मनोरमा अपने गुर्गों के साथ पिस्टल लेकर किसानों को धमकाने पहुंच गईं. फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या अब पुणे पुलिस मनोरमा खेडकर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी?
एक यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि चर्चा में चल रहीं IAS अधिकारी पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस कर्मियों और पत्रकारों को चुनौती देते हुए देखा गया है. साथ ही बंदूक और निजी किराए के बाउंसरों का उपयोग करके जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का भी मामला सामने आया है. ऐसा लग रहा है कि पूरा परिवार बेईमानी और अवैध आचरण में लिप्त है. मैं केंद्र सरकार, महाराष्ट्र के गृह मंत्री और महाराष्ट्र पुलिस से अपील करता हूं कि वे इस मुद्दे का संज्ञान लें.
Manorama Khedkar, mother of the infamous IAS officer Pooja Khedkar, was witnessed arrogantly challenging police personnel and reporters, while also making legal threats, following her attempt to take over land using a gun and private hired bouncers. It appears that the entire… pic.twitter.com/ZkuQnNRfNJ
— Vaibhav Kokat (@ivaibhavk) July 12, 2024
एक अन्य वीडियो में मनोरमा खेडकर पिस्टल लेकर अपने घर के कैंपस के अंदर दिख रही हैं. दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो उस वक्त का है, जब मामले के उछलने के बाद स्थानीय लोग और मीडियाकर्मियों की टीम मनोरमा खेडकर के घर पहुंची थी. इस दौरान हाथ में पिस्टल लेकर मनोरमा ने मीडियाकर्मियों को धमकाया था और उनके कैमरे पर हाथ भी मारा था. वायरल वीडियो में मनोरमा को कहते हुए सुना जा सकता है कि अगर मेरी बेटी ने सुसाइड कर लिया तो मैं आप सबको अंदर डाल दूंगी.
इस बीच, विवादास्पद आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के पिता दिलीप खेडकर ने सरकारी सेवा में रहते हुए करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की है। इससे उन्होंने कई जगहों पर जमीन खरीदी है. खेडकर परिवार ने पुणे जिले के मुलशी तालुका में 25 एकड़ जमीन खरीदी है। ऐसा करते हुए उन्होंने पड़ोसी किसानों की जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश की. जब इन किसानों ने इसका विरोध किया तो पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर बाउंसर लेकर वहां पहुंच गईं और हाथ में पिस्तौल लेकर किसानों को धमकाया. हैरानी की बात ये है कि इन किसानों ने पुणे के पौड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की. लेकिन, ऊपर से दबाव के कारण साधारण शिकायत भी दर्ज नहीं की गयी.