West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

केजरीवाल की हत्या की साजिश रच रही केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस: आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की 'हत्या' की साजिश रचने का आरोप लगाया.

Shilpa Srivastava

नयी दिल्ली, 24 जनवरी आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की 'हत्या' की साजिश रचने का आरोप लगाया और निर्वाचन आयोग से आग्रह किया कि पंजाब पुलिस द्वारा उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा बहाल किया जाए, जो वापस ले ली गई है. इस आरोप पर भाजपा या दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने आयोग को पत्र लिखकर पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप को ‘‘समान अवसर’’ देने, केजरीवाल को पंजाब पुलिस द्वारा दी गई सुरक्षा बहाल करने और उन पर ‘‘जानलेवा’’ हमलों की जांच करने की मांग की है.

केंद्र पर लगाया आरोप: 

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश के अनुसार केजरीवाल पर कथित हमलों पर आंखें मूंद ली हैं. आतिशी ने आरोप लगाते हुए कहा, "केजरीवाल जी की हत्या की इस साजिश में दो लोग शामिल हैं- भाजपा और दिल्ली पुलिस. वे दोनों केजरीवाल की जान लेने की साजिश कर रहे हैं. उन पर एक के बाद एक हमले की कोशिश की गई है. अक्टूबर (पिछले साल) में केजरीवाल पर हमला किया गया. जांच में पता चला कि हमलावर भाजपा कार्यकर्ता थे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की."

उन्होंने कहा, "हमने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर केजरीवाल की सुरक्षा बहाल करने की मांग की है. हमें दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं है, क्योंकि वह अमित शाह के नियंत्रण में है." ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव से पहले "गंदी राजनीति" करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केजरीवाल की सुरक्षा हटाने की साजिश रची है.

(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)